वेस्टइंडीज बनाम नेपाल: दीपेंद्र सिंह ऐरी ने जड़ा टी-20 विश्व कप में पहला अर्धशतक, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 25वें मुकाबले में नेपाल क्रिकेट टीम के बल्लेबाज दीपेंद्र सिंह ऐरी ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (58) खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 11वां और वेस्टइंडीज टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 44 गेंदों में पूरा किया। यह उनका टी-20 विश्व कप में भी पहला ही अर्धशतक रहा है। उनकी पारी के कारण नेपाल 133/8 का स्कोर बनाने में सफल रही।
पारी
ऐसी रही दीपेंद्र की पारी और साझेदारी
दीपेंद्र नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने आए थे। उन्होंने 47 गेंदों का सामना किया और 58 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 123.40 की रही। उन्होंने सोमपाल कामी (26) के साथ मिलकर 26 गेंदों में 54 रन की साझेदारी निभाई। लोकेश बाम के साथ उन्होंने 23 और गुलशन झा के साथ महत्वपूर्ण 27 रन जोड़े। दीपेंद्र को छोड़कर नेपाल का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
करियर
ऐसा रहा है दीपेंद्र का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
दीपेंद्र ने साल 2018 में नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। वह अब तक 93 मैचों की 81 पारियों में 32.42 की औसत और 138.33 की स्ट्राइक रेट से 2,075 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 11 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 110* रन का रहा है। वह 148 चौके और 86 छक्के भी अपने नाम कर चुके हैं। विश्व कप में उनका छठा मैच था।