LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026 के लिए वेस्टइंडीज की टीम, शेड्यूल और अन्य अहम जानकारी
स्कॉटलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी वेस्टइंडीज (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप 2026 के लिए वेस्टइंडीज की टीम, शेड्यूल और अन्य अहम जानकारी

Feb 04, 2026
05:59 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 में वार्म-अप मैच खेले जा रहे हैं और 7 फरवरी से टूर्नामेंट की शुरुआत हो जाएगी। यह संस्करण भारत और श्रीलंका में खेला जाना है, जिसमें वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम की कप्तानी शाई होप करेंगे। कैरेबियाई टीम ने अब तक 2 बार खिताब जीते हैं और टीम अपने तीसरे खिताब के लिए चुनौती पेश करेगी। इस बीच टी-20 विश्व कप 2026 के लिए वेस्टइंडीज की टीम, शेड्यूल और अन्य जानकारी पर एक नजर डालते हैं।

टीम 

ऐसी है वेस्टइंडीज की टीम

वेस्टइंडीज की टीम में युवा बल्लेबाज क्विंटन सैम्पसन को शामिल किया गया है। तेज गेंदबाज शमर जोसेफ भी टीम में अपनी जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। टी-20 विश्व कप 2016 का खिताब जीतने वाली कैरेबियाई टीम से जॉनसन चार्ल्स भी टीम का हिस्सा हैं। वेस्टइंडीज की टीम: शाई होप (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, जॉनसन चार्ल्स, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, जेसन होल्डर, अकील होसेन, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, गुडाकेश मोती, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्विंटन सैम्पसन, जेडन सील्स, और रोमारियो शेफर्ड।

शेड्यूल 

स्कॉटलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी वेस्टइंडीज 

टी-20 विश्व कप 2026 के लिए वेस्टइंडीज की टीम ग्रुप-C में मौजूद है। इस ग्रुप की अन्य टीमें स्कॉटलैंड, इटली, नेपाल और इंग्लैंड हैं। वेस्टइंडीज अपना पहला मैच 7 फरवरी को स्कॉटलैंड के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 11 फरवरी को इंग्लैंड के विरुद्ध कैरेबियाई टीम अपना दूसरा मुकाबला खेलेगी। होप के नेतृत्व वाली टीम को 15 फरवरी को नेपाल से भिड़ना है, जबकि 19 फरवरी को इटली से मैच खेलना है।

Advertisement

खिताब 

वेस्टइंडीज ने जीते हैं 2 खिताब 

वेस्टइंडीज ने 2 बार टी-20 विश्व कप (2012 और 2016) का खिताब जीता है। ऐसे में होप की कप्तानी में टीम तीसरा खिताब जीतना चाहेगी। 2012 संस्करण के फाइनल में वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को 36 रन से हराया था। 2016 में वेस्टइंडीज ने खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड को हराया था। दोनों बार टीम की कप्तानी डेरेन सैमी ने की थी। बता दें कि वेस्टइंडीज के अलावा भारत और इंग्लैंड भी 2-2 बार विजेता बना था।

Advertisement

प्रदर्शन 

टी-20 विश्व कप में वेस्टइंडीज का प्रदर्शन

क्रिकइंफो के मुताबिक, टी-20 विश्व कप में वेस्टइंडीज की टीम ने सभी संस्करणों (2007-2024) में कुल 46 मैच खेले हैं, जिसमें से 24 में टीम जीती और 20 में हार झेली है। इसके अलावा 1 मैच टाई और 1 मैच बेनतीजा रहा है। कैरेबियाई टीम का सर्वोच्च टीम स्कोर 218 रन रहा है और सबसे कम स्कोर 55 रन है। टी-20 विश्व कप में वेस्टइंडीज फिलहाल 7वें सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम है।

Advertisement