न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम घोषित, जानिए किन्हें मिला मौका
क्या है खबर?
क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली जाने वाली 5 मैचों की घरेलू वनडे सीरीज के शुरुआती 3 मैचों के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया। इसमें 19 साल के कलाई के स्पिनर विटेल लावेस को पहली बार टीम में मौका दिया गया है। लावेस ने अब तक घेरलू क्रिकेट में भी डेब्यू नहीं किया है। उन्होंने अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 विकेट झटके थे।
निराशा
हेटमायर और स्प्रिंगर टीम से हुए बाहर
CWI ने इस सीरीज के अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम चुनने का प्रयास किया है। इसकी कमान शाई होप को सौंपी गई है। शिमरोन हेटमायर को टीम में नहीं चुना गया, क्योंकि वो मेजर लीग क्रिकेट में सिएटल ओर्कास की ओर से खेलेंगे। इसी तरह ऑलराउंडर शमार स्प्रिंगर ने अपनी मां के निधन की वजह से सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया है। यह सीरीज वेस्टइंडीज के लिए आगामी वनडे विश्व कप 2027 की तैयारियों का हिस्सा है।
टीम
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की टीम
ऑलराउंडर कीमो पॉल की 3 साल बाद राष्ट्रीय वनडे टीम में वापसी हुई। उन्होंने साल 2023 में ओमान के खिलाफ विश्व कप क्वॉलीफायर मुकाबले खेले थे। उनकी वापसी से टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है। वनडे सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की टीम: शाई होप (कप्तान), अकीम ऑगस्टे, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, जस्टिन ग्रीव्स, आमिर जंगू, अल्जारी जोसेफ, शमार जोसेफ, विटेल लॉवेस, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, शेरफेन रदरफोर्ड और जेडन सील्स।
बयान
सीरीज को लेकर क्या बोले मुख्य कोच सैमी?
मुख्य कोच डैरेन सैमी ने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज 2027 वनडे विश्व कप की तैयारी में वेस्टइंडीज के लिए एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा, "वनडे विश्व कप तक हम जितनी भी सीरीज खेलेंगे, उन सभी को जीतना चाहते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच हमें वनडे टीम के रूप में अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने का मौका देंगे। विटेल को टीम में शामिल करना एक रणनीतिक कदम है। वह काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं।"
जानकारी
कैसा है न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का कार्यक्रम?
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत 12 जुलाई से होगी। दूसरा मुकाबला 14 जुलाई और तीसरा 17 जुलाई को खेला जाएगा। ये तीनों मुकाबले में गयाना में होंगे। इसी तरह चौथा और 5वां मुकाबला क्रमश: 20 और 22 जुलाई को ब्रिजटाउन में खेला जाएगा।