Loading...
43 साल के हुए क्रिस गेल, जानें उनके क्रिकेट करियर के खास रिकॉर्ड्स और आंकड़े
क्रिस गेल टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन (14,562) बनाने वाले बल्लेबाज हैं। (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

43 साल के हुए क्रिस गेल, जानें उनके क्रिकेट करियर के खास रिकॉर्ड्स और आंकड़े

Sep 21, 2022
12:15 pm

क्या है खबर?

'यूनिवर्स बॉस' के नाम से मशहूर वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर क्रिस गेल बुधवार (21 सितंबर) को 43 साल के हो गए हैं। गेल का जन्म जमैका के किंग्सटन में 1979 में हुआ था। दुनियाभर की टी-20 लीग्स में खेलने वाले गेल को इस फॉर्मेट का शहंशाह कहा जाता है। उनके नाम 463 मैचों में रिकॉर्ड 14,562 रन दर्ज हैं। आइये जानते हैं गेल के क्रिकेट करियर से जुड़े आंकड़े और रिकॉर्ड्स के बारे में।

डेब्यू

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेल ने भारत खिलाफ खेला था पहला मैच

गेल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ (11 सितंबर, 1999) एक वनडे मैच से हुई थी।

इसके एक साल बाद उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट (16 मार्च, 2000) में कदम रखा था।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में गेल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ (16 फरवरी, 2006) मैच से शुरुआत की थी।

वहीं इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में गेल ने अपना पहला मैच कोलकाता नाईट राइडर्स (KKR) के लिए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ (22 मई, 2008) खेला था।

आंकड़े

गेल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आंकड़े

गेल ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में कुल 482 मैच खेले हैं।

उन्होंने 103 टेस्ट मैचों में 42.19 की औसत से 7,215 रन बनाए हैं। जिसमें उनके नाम तीन दोहरे और 15 शतक दर्ज हैं।

वनडे क्रिकेट में उन्होंने 301 मैचों में 37.07 की औसत से 10,480 रन बनाए हैं। जिसमें एक दोहरा और 25 शतक शामिल हैं।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 79 मैचों में 27.93 की औसत से दो शतकों के सहारे 1,899 रन बनाए हैं।

ADVERTISEMENT

टी-20 आंकड़े

टी-20 क्रिकेट में रिकॉर्ड्स के शिखर पर हैं गेल

टी-20 क्रिकेट में गेल आंकड़ों के उस शिखर पर हैं जहां उनके आस-पास भी कोई दूसरा खिलाड़ी नहीं है।

दुनियाभर की लीग में 40 से ज्यादा टीमों की ओर से खेल चुके गेल ने 463 टी-20 मैच खेले हैं।

टी-20 में गेल के नाम 14,562 रन हैं, जो सर्वाधिक हैं। शोएब मलिक 11,902 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

गेल के नाम टी-20 में सबसे ज्यादा शतक (22), सबसे ज्यादा चौके (1,132) और छक्के (1,056) लगाने का रिकॉर्ड है।

ADVERTISEMENT

जानकारी

ऐसे हैं IPL के आंकड़े

गेल ने नाम IPL के 142 मैचों में 39.7 की औसत से 4,965 रन दर्ज हैं। इसमें उनके नाम छह शतक और 31 अर्धशतक भी दर्ज हैं। उन्होंने IPL में 404 चौके और 357 छक्के भी जमाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 175* रनों का है।

अन्य रिकॉर्ड्स

गेल के नाम दर्ज हैं ये खास रिकॉर्ड्स

गेल टेस्ट क्रिकेट में दो बार तिहरा शतक जमाने वाले चौथे खिलाड़ी हैं।

उनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के (553) हैं। रोहित शर्मा (486) दूसरे स्थान पर हैं।

गेल चौथे सबसे लंबे वक्त (19 साल, 337 दिन) तक वनडे क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी हैं।

गेल एक वनडे पारी में सर्वाधिक छक्के (16) मारने वाले संयुक्त रूप से दूसरे बल्लेबाज हैं।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में लगातार चार अर्धशतक जमाने वाले संयुक्त रूप से पहले बल्लेबाज हैं।

ADVERTISEMENT