टी-20 विश्व कप में भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज का पलड़ा रहा है भारी, जानिए जरूरी बातें
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 52वें मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम का सामना वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम से होगा। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए पूरी तरह करो या मरो का है, क्योंकि जीत दर्ज करने वाली टीम ही सेमीफाइनल में जगह बनाएगी। हारने वाली टीम का टूर्नामेंट में सफर यहीं समाप्त हो जाएगा। अब तक टी-20 विश्व कप में भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज का पलड़ा भारी रहा है। आइए मुकाबले का प्रीव्यू और जरूरी बातों पर नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी
वेस्टइंडीज और भारत के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2009 में खेला गया था। अब तक दोनों टीमों के बीच 30 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 19 मैच में भारतीय टीम को जीत मिली है और 10 मैच वेस्टइंडीज ने अपने नाम किए हैं। इस बीच एक मैच बेनतीजा भी रहा है। टी-20 प्रारूप में दोनों टीमों की पिछली 5 भिड़ंत में से 3 में वेस्टइंडीज को जीत मिली है।
जीत
टी-20 विश्व कप में वेस्टइंडीज टीम का रहा है वर्चस्व
टी-20 विश्व कप में अब तक दोनों टीमें कुल 4 मैचों में आपस में भिड़ी हैं, जिसमें से 3 में वेस्टइंडीज टीम जीती है और सिर्फ 1 मुकाबला भारतीय टीम ने अपने नाम किया है। आखिरी बार टी-20 विश्व कप 2016 में दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ था, जिसे वेस्टइंडीज की टीम ने 7 विकेट से जीता था। भारतीय टीम को एकमात्र जीत 2014 के विश्व कप में 7 विकेट से मिली थी।
प्लेइंग इलेवन
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है वेस्टइंडीज
पिछले मुकाबले में वेस्टइंडीज को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 9 विकेट से हार मिली थी। उस मैच में टीम की गेंदबाजी के साथ-साथ शीर्षक्रम की बल्लेबाजी भी अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सकी। ऐसे में भारत के खिलाफ इस अहम मुकाबले में वेस्टइंडीज पिछली हार को भुलाकर जोरदार वापसी के इरादे से उतरेगी। संभावित एकादश: ब्रैंडन किंग, शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), शिमरोन हेटमायरे, रोवमैन पॉवेल, शेरफन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्डे, गुडाकेश मोटी और शमार जोसेफ।
संभावित
इस संयोजन के साथ उतर सकती है भारतीय टीम
जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार जीत के बाद भारतीय टीम प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव नहीं करना चाहेगी। अभिषेक शर्मा ने 55 रन की पारी खेलकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए थे, ऐसे में उनसे एक और बड़ी पारी की उम्मीद की जाएगी। गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह मैच जिताऊ प्रदर्शन करना चाहेंगे। संभावित एकादश: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह।
पिच
कैसा होगा पिच का मिजाज?
ईडन गार्डन स्टेडियम में काली मिट्टी की पिच बनाई जाती है। टी-20 प्रारूप में यह पिच बल्लेबाजों को काफी रास आती है। खेल की शुरुआत में यहां तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है। उसके बाद स्पिनर्स का काम आसान होता है। यहां की ऑउटफील्ड बहुत तेज है, जिससे बल्लेबाजों को ज्यादा रन बनाने के मौके मिलते हैं। हाउस्टेट के मुताबिक, इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 142 रन का रहा है।
जानकारी
कैसा रहेगा मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 1 मार्च को कोलकाता में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 23 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में दर्शकों को पूरा मैच आराम से देखने को मिलेगा।
नजरें
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजरें
सूर्यकुमार ने पिछले 10 मैचों में 423 रन बनाए हैं। ईशान पिछले 9 मैचों में 421 रन बनाने में सफल रहे हैं। वेस्टइंडीज से हेटमायर ने पिछले 10 मैचों में 50.63 की औसत और 181.61 की स्ट्राइक रेट से 405 रन बनाने में सफल रहे हैं। अर्शदीप ने पिछले 8 मैचों में 15 विकेट लेने में सफल रहे हैं। वरुण ने पिछले 8 मैचों में 13 विकेट चटकाए हैं। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजरें रहेंगी।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन क्रिकेट स्टेडियम में रात 7 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।