LOADING...
वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट में श्रीलंका को पारी और 217 रन से हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट में श्रीलंका को हराया (तस्वीर: एक्स/@windiescricket)

वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट में श्रीलंका को पारी और 217 रन से हराया, ये बने रिकॉर्ड्स

Jun 28, 2026
11:36 pm

क्या है खबर?

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने पहले टेस्ट में श्रीलंका क्रिकेट टीम को पारी और 217 रन से करारी शिकस्त दी। एंटीगुआ में खेले गए टेस्ट में श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 308 रन बनाए थे। जिसके जवाब में वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी 626/9 के स्कोर पर घोषित की। इसके बाद श्रीलंकाई टीम दूसरी पारी में सिर्फ 101 रन पर ही सिमट गई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती वेस्टइंडीज की टीम 

श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में धनंजय डी सिल्वा के शतक (120) की मदद से 320 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज ने आमिर जंगू के दोहरे शतक (233) की मदद से बड़ा स्कोर बनाया। जंगू के अलावा कप्तान रोस्टन चेज ने 194 रन की पारी खेली। पहली पारी के आधार पर पिछड़ने वाली श्रीलंकाई टीम की दूसरी पारी सस्ते में सिमट गई। वेस्टइंडीज से केमार रोच ने 4 विकेट लेते हुए उपयोगी भूमिका निभाई।

शतक 

धनंजय ने अपना 13वां शतक लगाया

धनंजय ने 168 गेंदों में 120 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 17 चौके निकले। उन्होंने पहले चांदीमल के साथ चौथे विकेट के लिए 68 रन जोड़े। इसके बाद सोनल दिनुषा के साथ 149 गेंदों में 99 रन की साझेदारी निभाई। धनंजय सोनुल के आउट होने के बाद भी डटे रहे और मिलान प्रियनाथ रत्नायके के साथ पारी को आगे बढ़ाया। उन्होंने 150 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वेस्टइंडीज के खिलाफ उनका तीसरा शतक साबित हुआ।

Advertisement

जंगू 

जंगू ने अपने दूसरे ही टेस्ट में दोहरा शतक लगाया 

वेस्टइंडीज ने जब 97 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब जंगू क्रीज पर आए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने क्रीज पर टिककर बल्लेबाजी की और विपक्षी टीम को अपने विकेट के लिए तरसा दिया। 28 वर्षीय इस खिलाड़ी ने एंटीगुआ के मैदान पर 226 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने तीसरे दिन के तीसरे सत्र के दौरान 342 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया। वह 233 रन बनाकर आउट हुए।

Advertisement

चेज 

चेज दोहरा शतक से चूके 

वेस्टइंडीज ने जब 168 रन के स्कोर पर अपना 5वां विकेट खोया, तब चेज क्रीज पर आए। उन्होंने लगातार गिर रहे विकेटों के बीच जंगू के साथ मिलकर पारी को संभाला और 216 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह श्रीलंका के खिलाफ उनके बल्ले से निकलने वाली पहली शतकीय पारी रही। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे चेज 324 गेंदों में 194 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके टेस्ट करियर का कुल छठा शतक साबित हुआ।

साझेदारी 

वेस्टइंडीज से 400+ रन की साझेदारी करने वाली दूसरी जोड़ी

जंगू और चेज की जोड़ी ने इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया है। यह वेस्टइंडीज की सिर्फ दूसरी ऐसी जोड़ी बनी है, जिसने 400+ रन की साझेदारी की है। इससे पहले कॉनराड हंट और गैरी सोबर्स की जोड़ी ने 1958 के किंग्स्टन टेस्ट में 446 रन (बनाम पाकिस्तान) की साझेदारी की थी। वेस्टइंडीज से तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड फ्रैंक वॉरेल और सोबर्स के नाम (399 रन बनाम इंग्लैंड, 1960) पर है।

रोच 

रोच ने पूरे किए अपने 300 टेस्ट विकेट 

रोच ने मैच में कुल 6 विकेट (2/32 और 4/51) लिए। इस बीच उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपने 300 विकेट पूरे किए। वह वेस्टइंडीज की ओर से इस आंकड़े को छूने वाले कुल 5वें गेंदबाज बने। उनसे पहले कर्टनी वॉल्श (519), कर्टली एम्ब्रोस (405), मैलकम मार्शल (376) और लांस गिब्स (309) ऐसा कर चुके हैं। रोच ने अपने 89 टेस्ट की 161 पारियों में ये मुकाम हासिल किया।

Advertisement