Loading...
चांद पर स्पेस-X रॉकेट की टक्कर से बना बड़ा गड्ढा, नासा ने जारी की तस्वीरें
चांद पर स्पेस-X रॉकेट की टक्कर का असर आया सामने

चांद पर स्पेस-X रॉकेट की टक्कर से बना बड़ा गड्ढा, नासा ने जारी की तस्वीरें

Aug 19, 2026
11:19 am

क्या है खबर?

अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने इस महीने चंद्रमा की सतह से टकराए स्पेस-X के रॉकेट से हुए असर की तस्वीरें जारी की हैं। नासा के चंद्रमा का चक्कर लगा रहे लूनर रिकॉनिसेंस ऑर्बिटर ने ये तस्वीरें ली हैं। इनमें 5 अगस्त को हुई टक्कर के बाद सतह पर बना नया गड्ढा साफ दिखाई दे रहा है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह घटना स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट के ऊपरी हिस्से के चंद्रमा से टकराने के बाद हुई थी।

गड्ढा

टक्कर वाली जगह पर बना नया गड्ढा

नासा की तस्वीरों में चंद्रमा की सतह पर करीब 60 फुट चौड़ा नया गड्ढा दिखाई दे रहा है। यह गड्ढा उस जगह बना है, जहां फाल्कन 9 रॉकेट का ऊपरी हिस्सा 5 अगस्त को तेज गति से टकराया था।

रॉकेट को जनवरी, 2025 में दो चंद्र लैंडर भेजने के लिए लॉन्च किया गया था। मिशन पूरा होने के बाद उसका ऊपरी हिस्सा अंतरिक्ष में ही रह गया था।

बाद में उसकी कक्षा बदलने से वह चंद्रमा की सतह से टकराया।

मेहनत

तस्वीर लेने में वैज्ञानिकों को करनी पड़ी मेहनत

टक्कर के बाद वैज्ञानिकों ने तुरंत नई जगह की तस्वीरें जुटाने की कोशिश शुरू की। कोरिया के चंद्र ऑर्बिटर डैनुरी ने टक्कर से पहले और बाद की तस्वीरें लीं।

इन शुरुआती आंकड़ों की मदद से नासा ने अपने लूनर रिकॉनिसेंस ऑर्बिटर के कैमरे को सही जगह पर लगाया। ऑर्बिटर को टक्कर वाली जगह के ऊपर अपनी कक्षा में पहुंचने में छह दिन लगे।

तस्वीर लेने में 10 सेकंड की देरी गड्ढे को फ्रेम से 10 मील दूर कर सकती थी।

ADVERTISEMENT

खतरा

घटना से कोई खतरा नहीं

नासा के वैज्ञानिकों का कहना है कि इस टक्कर से पृथ्वी या चंद्रमा पर किसी के लिए कोई खतरा नहीं है।

चंद्रमा की सतह पर उल्कापिंड, एस्ट्रोयड और धूमकेतु लगातार टकराते रहते हैं। वैज्ञानिक इस घटना का अध्ययन करके चंद्रमा की सतह और वहां होने वाली टक्करों को बेहतर तरीके से समझ सकते हैं।

इससे भविष्य में चंद्रमा पर भेजे जाने वाले एस्ट्रोनॉट्स और वहां स्थापित किए जाने वाले उपकरणों की सुरक्षा की योजना बनाने में भी मदद मिलेगी।

ADVERTISEMENT