वेस्टइंडीज ने पहले टी-20 मुकाबले में श्रीलंका को 7 विकेट से हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में श्रीलंका क्रिकेट टीम को 7 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ उसने 3 मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका 147/9 का स्कोर ही बना पाई थी। जवाब में वेस्टइंडीज ने 19.2 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कामिंदु मेंडिस (51) को छोड़कर कोई और बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। कप्तान कुसल मेंडिस के बल्ले से 36 रन निकले। वेस्टइंडीज के लिए जेसन होल्डर और शमार जोसेफ ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट लिए। वेस्टइंडीज ने शाई होप (65) की पारी के मदद से जीत हासिल कर ली। ब्रेडन किंग के बल्ले से 37 रन निकले। वनिंदु हसरंगा ने 2 विकेट चटकाए।
अर्धशतक
कामिंदु ने वेस्टइंडीज के खिलाफ लगाया दूसरा अर्धशतक
कामिंदु ने 39 गेंदों का सामना किया और 51 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 130.77 की रही। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा अर्धशतक रहा। वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने दूसरा पचासा लगाया। इस खिलाड़ी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अब तक 4 मुकाबले खेले हैं और इसकी 3 पारियों में 40.33 की औसत से 121 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 130.10 की रही है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 51 रन है।
कप्तानी
होप की कप्तानी पारी पर एक नजर
होप 54 गेंदों में 65 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके बल्ले से 5 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 120.37 की रही। पहले विकेट के लिए किंग के साथ उन्होंने 38 गेंदों में 67 रन जोड़े। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 12वां अर्धशतक रहा। श्रीलंका के खिलाफ इस खिलाड़ी ने अपना पहला ही पचासा लगाया। इस टीम के खिलाफ उन्होंने 3 मैच खेले हैं और इसकी 3 पारियों में 45 की औसत से 90 रन बनाए हैं।
गेंदबाजी
वेस्टइंडीज के गेंदबाजों के प्रदर्शन पर एक नजर
होल्डर ने 4 ओवर में सिर्फ 18 रन खर्च किए और 3 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 4.50 की रही। जोसेफ ने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट 7.20 की रही। रोस्टन चेज ने 4 ओवर में 19 रन देकर एक सफलता हासिल की। होल्डर ने वेस्टइंडीज के लिए 97 मुकाबले खेले हैं और इसकी 93 पारियों में 26.45 की औसत से 111 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने 5 बार 4 विकेट हॉल लिए हैं।