केएल राहुल ने रचा इतिहास, सभी SENA देशों में टेस्ट अर्धशतक वाले पहले भारतीय सलामी-बल्लेबाज बने
क्या है खबर?
वेलिंगटन टेस्ट में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने अपनी पहली पारी में 368 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले दिन के खेल की समाप्ति तक 159/1 का स्कोर बनाया। भारत से यशस्वी जायसवाल (85) और केएल राहुल (52*) ने अर्धशतक लगाए। स्टंप्स की घोषणा तक राहुल के साथ देवदत्त पडिक्कल (16) क्रीज पर मौजूद हैं। बेसिन रिजर्व के मैदान पर राहुल ने अर्धशतक लगाते ही अहम मुकाम हासिल किया। आइए इस बारे में जानते हैं।
SENA
सभी SENA देशों में 50+ रन बनाने वाले पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज
राहुल की न्यूजीलैंड की धरती पर यह टेस्ट में पहली ही पारी थी, जिसमें उन्होने अच्छा खेल दिखाया।
इसके साथ ही वह टेस्ट में सभी SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में 50+ रन बनाने वाले पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज बने।
उनसे पहले वनडे प्रारूप में सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, वीरेंद्र सहवाग, रोहित शर्मा और शिखर धवन ऐसा कर चुके हैं।
टी-20 में अभिषेक शर्मा ऐसा कर चुके हैं।
सूची
SENA देशों में दूसरे सर्वाधिक 50+ रन बनाने वाले एशियाई सलामी बल्लेबाज बने
राहुल का यह SENA देशों में बतौर सलामी बल्लेबाज कुल 13वां, 50+ रन का स्कोर रहा।
वह इन देशों में दूसरे सर्वाधिक 50 या अधिक रन बनाने वाले एशियाई बल्लेबाज बने। बता दें कि पूर्व महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने सलामी बल्लेबाजों के तौर पर इन देशों में कुल 19 स्कोर, 50+ रन के बनाए थे।
अन्य एशियाई बल्लेबाजों में दिमुथ करुणारत्ने (12), सईद अनवर (10), सहवाग (10) और तमीम इकबाल (10) इस सूची हैं।
आंकड़े
SENA देशों में ऐसा है राहुल का प्रदर्शन
राहुल ने दक्षिण अफ्रीका में अब तक 7 टेस्ट में 2 शतक और एक अर्धशतक की बदौलत 369 रन बनाए हैं।
उन्होंने इंग्लैंड में 4 शतक और 3 अर्धशतक की मदद से 1,146 रन अपने नाम किए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में 10 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें 463 रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने एक शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं। उनके पास न्यूजीलैंड में शतक लगाने का मौका होगा।