वॉर्म-अप मैच: देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका इलेवन के खिलाफ शानदार शतक जड़ा
क्या है खबर?
कोलंबो के नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर श्रीलंका इलेवन के खिलाफ चल रहे 3 दिवसीय वॉर्म-अप मैच में भारतीय क्रिकेट टीम के देवदत्त पडिक्कल ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने शानदार शतक लगाया और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वह 103 रन की पारी खेलकर रिटायर्ड हर्ट हुए हैं। इस शतक से उन्होंने टेस्ट सीरीज की प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए अपना दावा मजबूत किया।
पारी
शानदार रही देवदत्त पडिक्कल की पारी
भारत ने जब 1 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाया, तब पडिक्कल क्रीज पर आए।
उन्होंने एक छोर से निरंतर रन बटोरे और इस मैच में कप्तानी करने वाले केएल राहुल (40) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 96 रन जोड़े।
इसके बाद रविंद्र जडेजा के साथ मिलकर उन्होंने 72 रन की साझेदारी की।
अच्छी लय में नजर आ रहे पडिक्कल 121 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 103 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए।
पडिक्कल
पडिक्कल ने प्लेइंग इलेवन के लिए अपना दावा किया मजबूत
पडिक्कल ने शतक के साथ ही नंबर-3 पर खेलने के लिए मजबूत दावेदारी पेश की है।
दरअसल, ऐसी खबर है कि साई सुदर्शन फिटनेस हासिल करने में नाकाम रहे हैं और आगामी सीरीज से बाहर हो गए हैं।
ऐसे में इस नंबर पर पडिक्कल सबसे बेहतर विकल्प हैं।
उन्होंने अब तक सिर्फ 2 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 90 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक अर्धशतक भी लगाया है।
जानकारी
कैसा है पडिक्कल का प्रथम श्रेणी करियर
पडिक्कल ने अपने प्रथम श्रेणी करियर में अब तक 56 मैच खेले हैं, जिसकी 83 पारियों में 43.18 की औसत के साथ 3,800 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 9 शतक और 21 अर्धशतक लगाए हैं।
प्रदर्शन
वॉर्म-अप मैच में कैसा रहा भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन?
श्रीलंका इलेवन ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 363-8 (पारी घोषित) का स्कोर बनाया।
इस बीच कुलदीप यादव, रविंद्र जडेजा और मानव सुथार ने 2-2 विकेट लिए।
भारत की बल्लेबाजी में सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल शून्य पर आउट हुए। कप्तान राहुल ने 39 रन बनाए।
ऋषभ पंत (2) और ध्रुव जुरेल (1) भी जल्दी आउट हुए।
दूसरे दिन के दूसरे सत्र के दौरान 50 ओवरों के बाद भारत ने 180/4 का स्कोर बनाया।