श्रीलंका बनाम भारत: साई सुदर्शन टेस्ट सीरीज से हुए बाहर, भारत को लगा झटका
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम को 15 अगस्त से श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। इस सीरीज से पहले भारतीय टीम के लिए बुरी खबर है। दरअसल, साई सुदर्शन पैर के अंगूठे की चोट के कारण टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। अभी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। वह बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सलेंस (COE) में फिटनेस हासिल करने की कोशिश कर रहे थे।
खबर
सीरीज तक फिट नहीं हो सकेंगे सुदर्शन
दैनिक जागरण के मुताबिक, सुदर्शन ने चोट से काफी हद तक वापसी की है।
वह नेट्स में 75 मिनट तक बल्लेबाजी करने में सफल रहे हैं और अभ्यास के दौरान 24 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दौड़ भी चुके हैं।
इसके बावजूद वह आगामी सीरीज तक फिट नहीं हो सकेंगे।
दरअसल, उनका अब भी पैर के अंगूठे में दर्द बना हुआ है। वह अफगानिस्तान के खिलाफ इसी साल हुए टेस्ट में खेले थे।
बुमराह
चोटिल बुमराह भी हो चुके हैं बाहर
इस टेस्ट सीरीज से पहले ही भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बाहर हो चुके हैं।
बुमराह की इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान बाएं घुटने में लगी चोट लगी थी, जिससे वे अभी तक पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए हैं।
बुमराह की जगह आकिब नबी को टीम में शामिल किया है।
जम्मू-कश्मीर के इस तेज गेंदबाज को पहली बार सीनियर नेशनल टीम में चुना गया है। नबी ने पिछले 2 रणजी ट्रॉफी सीजन में कुल 104 विकेट लिए।
करियर
सुदर्शन ने भारत से खेले हैं 7 टेस्ट
सुदर्शन ने पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 7 टेस्ट खेल चुके हैं, जिसकी 12 पारियों में 31.91 के औसत से 383 रन बनाने में सफल रहे हैं। इसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं।
उनकी लंबे समय तक बल्लेबाजी करने की क्षमता ने उन्हें कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में शीर्ष क्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बना दिया है।
उन्होंने 3 वनडे और एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
टीम
श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम
श्रीलंका के खिलाफ भारत 15 अगस्त से पहला टेस्ट और 23 अगस्त से दूसरा टेस्ट खेलेगी।
सुदर्शन की गैरमौजूदगी में देवदत्त पडिक्कल को मौका मिलने की संभावना है।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, और आकिब नबी।