Page Loader
श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान: वनिंदु हसरंगा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में लगाया अपना दूसरा अर्धशतक, जानिए आंकड़े
वनिंदु हसरंगा ने जड़ा अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@OfficialSLC)

श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान: वनिंदु हसरंगा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में लगाया अपना दूसरा अर्धशतक, जानिए आंकड़े

Feb 17, 2024
09:05 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट टीम के दिग्गज ऑलराउंडर वनिंदु हसरंगा ने शनिवार को अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक (67) जड़ा। यह उनके टी-20 करियर का दूसरा और अफगान टीम के खिलाफ पहला अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 24 गेंदों में पूरा किया। उनकी पारी की बदौलत ही श्रीलंका टीम 160 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही है। आइए हसरंगा की पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही हसरंगा की पारी और साझेदारी?

श्रीलंका टीम को 55 रन के कुल स्कोर पर चौथा झटका लगा था, उसके बाद हसरंगा बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरे। उन्होंने शुरुआत में कुछ समय क्रीज पर बिताया और फिर हाथ खोलते हुए तेजी से अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। वह 32 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 67 रन बनाकर आउट हुए। उनकी स्ट्राइक रेट 209.38 की रही। उन्होंने सदीरा समरविक्रमा (25) के साथ 5वें विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी निभाई।

करियर

कैसा रहा है हसरंगा का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?

हसरंगा ने सितंबर 2019 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। वह अब तक 62 मैचों में 15 की औसत और 129.03 की स्ट्राइक रेट से 600 रन बना चुके हैं। इसमें 2 अर्धशतक शामिल है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 71 रन का रहा है। उन्होंने 59 पारियों में 15.44 की औसत और 6.88 की इकॉनमी रेट से 98 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/9 विकेट का रहा है।