वैभव सूर्यवंशी की शतकीय पारी के दीवाने हुए वीरेंद्र सहवाग, बताया भविष्य की झलक
क्या है खबर?
भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शुक्रवार को अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी (175) खेली। उन्होंने महज 55 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। ये इस विश्व कप में उनके बल्ले से निकला पहला शतक रहा। पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग भी वैभव की इस पारी के मुरीद हो गए और उन्हें भविष्य की झलक करार दिया है।
बयान
सहवाग ने वैभव की पारी को लेकर क्या कहा?
सहवाग ने एक्स पर सूर्यवंशी की जमकर प्रशंसा करते हुए लिखा, 'वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन बनाए। 15 चौके और 15 छक्के। बराबर चौके, बराबर छक्के, बराबर तबाही। सूर्यवंशी = सूर्यवंश से जन्मा। आज उन्होंने बिल्कुल सूर्यवंशी की तरह बल्लेबाजी की! प्रचंड, बेमिसाल और अजेय। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने हर संभव कोशिश की, लेकिन आप सूर्य को नहीं रोक सकते है। भारतीय क्रिकेट का सूर्योदय हो गया है! भविष्य की एक झलक।'
तारीफ
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी की तारीफ
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी वैभव के शतक की तारीफ की है। उन्होंने लिखा, 'आज अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में बिहार के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों में 175 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया। वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के बलबूते भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बन गए हैं। मेरी शुभकामना है कि वैभव भविष्य में भारतीय टीम के लिए नया कीर्तिमान रचें और देश का नाम रोशन करें।'
बल्लेबाजी
कैसी रही वैभव की पारी?
भारतीय टीम को पहला झटका 20 रन पर लगा था। आरोन जॉर्ज केवल 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद वैभव ने कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ मिलकर पारी संभाली। दोनों के बीच 90 गेंदों में 142 रन की साझेदारी हुई। वैभव ने वेदांत त्रिवेदी के साथ 38 गेंदों में 89 रन जोड़े। इस बल्लेबाज ने 80 गेंदों का सामना किया और 175 रन बनाए। उनके बल्ले से 15 चौके और 15 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 221.52 की रही।