विराट कोहली इस साल रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का इस साल वनडे में शानदार प्रदर्शन रहा। वनडे विश्व कप 2023 में वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।
कोहली ने 11 मुकाबलों में 4 शतक की बदौलत 765 रन बनाए थे। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज थे।
इतना ही नहीं कोहली इस साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2023 में सभी प्रारूपों में मिलाकर 8 शतक जड़े हैं।
आंकड़े
शुभमन गिल ने लगाए 7 शतक
इस साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले अन्य बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर शुभमन गिल हैं।
गिल ने 2023 में सभी प्रारूपों में मिलाकर 7 शतक लगाए। गिल ने इस साल टेस्ट में 1 शतक, वनडे में 5 शतक और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 1 शतक लगाया।
इस फेहरिस्त में तीसरे पायदान पर डेरिल मिचेल (6) और चौथे पर संयुक्त रूप से क्विंटन डिकॉक (5), डेवोन कॉनवे (5) और नजमुल हुसैन शान्तो (5) हैं।
प्रदर्शन
इस साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोहली के आंकड़े
कोहली इस साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2023 में खेले 35 मैच में 2,048 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 10 अर्धशतक भी लगाए।
कोहली ने इस साल खेले 7 टेस्ट मुकाबलों में 2 शतक की बदौलत 671 रन बनाए। साथ ही उन्होंने 2023 में खेले 27 वनडे में 6 शतक की मदद से 1,377 रन बनाए।
इस दौरान उनकी औसत 72.47 की रही। उन्होंने इस साल एक भी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला।