
विराट कोहली का इंग्लैंड की सरजमीं पर कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं बनना चाहते हैं।
उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का मन बना लिया है और इसकी जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को दी है।
हालांकि, BCCI ने उन्हें फैसल पर सोचने को कहा है। अगर कोहली इंग्लैंड सीरीज खेलेंगे तो वह टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी होंगे।
ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
टेस्ट
इंग्लैंड की सरजमीं पर टेस्ट में ऐसा रहा है कोहली का प्रदर्शन?
कोहली ने इंग्लैंड में पहला टेस्ट मैच साल 2014 में खेला था। उन्होंने वहां अब तक 17 मुकाबले खेले हैं। इसकी 33 पारियों में 33.21 की औसत से 1,096 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 2 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 149 रन रहा है।
2021-22 की आखिरी टेस्ट सीरीज में कोहली ने 5 मैच की 9 पारियों में 27.66 की औसत से 249 रन बनाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 55 रन था।
प्रारूप
इंग्लैंड की सरजमीं पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजे
इंग्लैंड की सरजमीं पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन राहुल द्रविड़ के नाम है। उन्होंने वहां 46 मैचों की 56 पारियों में 55.10 की औसत से 2,645 रन बनाए थे।
दूसरे स्थान पर कोहली हैं। उन्होंने वहां 57 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की 53 पारियों में 40.56 की औसत से 2,637 रन बनाए हैं।
सचिन तेंदुलकर ने 43 मैचों की 56 पारियों में 49.54 की औसत से 2,626 रन बनाए थे। तेंदुलकर ने सिर्फ वनडे और टेस्ट मैच खेला था।
बल्ला
पिछले 5 साल से टेस्ट में कुछ खास नहीं कर पाए हैं कोहली
साल 2019 से 2024 तक कोहली ने 46 टेस्ट मैच खेले। इसकी 78 पारियों में 35.84 की औसत से सिर्फ 2,617 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 11 अर्धशतक निकले थे।
कोहली ने 2 शतक साल 2019 में और 2 शतक 2023 में लगाए थे। 1 शतक पिछले साल आया था।
साल 2020, 2021 और 2022 में उनके बल्ले से 1 भी शतक नहीं निकला। इस दौरान वह भारत के लिए 19 टेस्ट मैच खेले थे।
करियर
कोहली के टेस्ट करियर पर एक नजर
कोहली ने अपने टेस्ट करियर में अब तक 123 मैचों की 210 पारियों में 46.85 की उम्दा औसत के साथ 9,230 रन बनाए हैं। इस बीच नाबाद 254 रन उनका सर्वोच्च स्कोर स्कोर रहा है।
कोहली के बल्ले से 30 शतक और 31 अर्धशतक निकले हैं। उन्होंने अपना पहला टेस्ट वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।
भारत में उनसे ज्यादा टेस्ट रन सिर्फ सचिन (15,921), द्रविड़ (13,265) और सुनील गावस्कर (10,122) ने बनाए हैं।