अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इस साल नहीं चला है विराट कोहली का बल्ला, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज में रोहित शर्मा की टीम को 2-0 से हार मिली थी। 27 साल बाद भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज हारी थी।
सीरीज में विराट कोहली का बल्ला पूरी तरह से खामोश था। वह 1 अर्धशतक भी नहीं लगा पाए थे।
वह साल 2024 में अब तक कुछ खास नहीं कर पाए हैं। इस बीच आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
टी-20
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 18 की औसत से बनाए रन
टी-20 विश्व कप 2024 के बाद कोहली ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। हालांकि, संन्यास लेने से पहले उनका प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। इस साल उन्होंने भारत के लिए 10 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले थे।
इस दौरान 18 की बेहद खराब औसत के साथ सिर्फ 180 रन बनाए थे। उनके बल्ले से एकमात्र अर्धशतक विश्व कप के फाइनल में आया था। उन्होंने 76 रन की पारी खेली थी।
उनकी स्ट्राइक रेट सिर्फ 119.20 की रही थी।
टेस्ट-वनडे
टेस्ट और वनडे में भी कुछ खास नहीं कर पाए
इस साल कोहली ने सिर्फ 1 टेस्ट मैच खेला है। उनके बल्ले से उस मुकाबले की दोनों पारियों को मिलाकर 58 रन निकले थे।
वनडे क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने एकमात्र सीरीज श्रीलंका के खिलाफ खेली और 3 मुकाबलों में फ्लॉप रहे।
श्रीलंका के स्पिन गेंदबाजों को कोहली खेल ही नहीं पाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर सिर्फ 24 रन था। उन्होंने 19.33 की औसत से केवल 58 रन बनाए। भारतीय टीम ने इसका खामियाजा भुगता और उन्हें वनडे सीरीज गंवानी पड़ी।
प्रदर्शन
साल 2023 में कैसा रहा था कोहली का प्रदर्शन?
पिछले साल कोहली ने 27 वनडे खेले थे। इसकी 24 पारियों में उन्होंने 5 बार नाबाद रहते हुए 1,377 रन बनाए थे। उनकी औसत 72.47 की थी।
उनके बल्ले से 6 शतक और 8 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 166* रन था।
टेस्ट क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 8 मुकाबले की 12 पारियों में 55.91 की औसत से 671 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 2 शतक और 2 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 186 रन था।
करियर
कैसा रहा है कोहली का वनडे और टेस्ट करियर?
कोहली ने अब तक 113 टेस्ट मैच खेले हैं। इसकी 191 पारियों में 11 बार नाबाद रहते हुए 49.15 की औसत से 8,848 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 29 शतक और 30 अर्धशतक निकले हैं।
उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 254* रन रहा है।
वनडे में इस खिलाड़ी ने 295 मैच की 283 पारियों में 58.18 की औसत से 13,906 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 50 शतक और 72 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 183 रन रहा है।