विराट कोहली इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का होंगे हिस्सा, पास किया फिटनेस टेस्ट - रिपोर्ट
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए इंग्लैंड के खिलाफ 14 जुलाई में शुरू होने वाली वनडे सीरीज से पहले राहत की खबर आई है। टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में महत्वपूर्ण फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। यह परीक्षण सोमवार 22 जून को हुआ था और कोहली ने बिना किसी समस्या के इसे पास कर लिया। इससे अब उनके इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में उपलब्ध रहने की संभावना है।
अनश्चित
कोहली का टीम में शामिल होना था अनिश्चित
वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा के समय कोहली को फिटनेस टेस्ट के अधीन टीम में शामिल किया गया था। इसका कारण था कि वह हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे थे और इसके चलते अफगानिस्तान सीरीज से बाहर हो गए थे। स्पोर्ट्स टाक के अनुसार, कोहली पूरी तरह से ठीक हो गए हैं और मंगलवार या बुधवार तक उन्हें अंतिम मंजूरी मिलने की संभावना है। इससे वह इंग्लैंड वनडे सीरीज के लिए चयन हेतु उपलब्ध हो जाएंगे।
भूमिका
कोहली की भारतीय टीम में है अहम भूमिका
टेस्ट और टी-20 क्रिकेट से संन्यास के बाद अब भारत के लिए सिर्फ वनडे खेलने वाले कोहली को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। अब उनके फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद प्रशंसक उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए देखने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। कोहली की वापसी से टीम को मजबूती मिलेगी। बता दें कि अब हर वनडे मैच को वनडे विश्व कप 2027 की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।
जानकारी
इंग्लैंड सीरीज के लिए भारत की वनडे टीम
भारत की वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़।