भारत बनाम पाकिस्तान: टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने विराट कोहली
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2022 के अहम मुकाबले में रविवार को भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को चार विकेट से हरा दिया।
स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इस मैच के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल की।
वे टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
कोहली ने इस मामले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है।
आइये जानते हैं कोहली के टी-20 अंतरराष्ट्रीय में आंकड़े और उपलब्धि के बारे में।
आंकड़े
विराट कोहली के टी-20 अंतरराष्ट्रीय आंकड़े
कोहली का यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 110वां मैच है, जिसमें उन्होंने इस उपलब्धि को हासिल किया है।
उनके नाम 102 पारियों में 3,794 रन हो गए हैं। उनके नाम इस फॉर्मेट में एक शतक और 34 अर्धशतक दर्ज हैं।
इस फॉर्मेट में उनका उच्चतम स्कोर 122* रनों का है जो इसी साल एशिया कप के दौरान आया था।
दूसरे नंबर के रोहित ने नाम 3,741 रन दर्ज हैं। सूची में तीसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल (3,531) हैं।
रिकॉर्ड
पारी के दौरान कोहली ने बनाए ये खास रिकॉर्ड
इस मैच के दौरान कोहली (6) टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक बार 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार हासिल करने वाले खिलाड़ी बने।
उन्होंने इस मामले में शेन वाटसन, क्रिस गेल और महेला जयवर्धने (5-5) को पीछे छोड़ा।
इसके अलावा विराट टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भी सर्वाधिक बार (14) 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार जीतने वाले खिलाड़ी बने।
उन्होंने अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी (13) और रोहित (12) को पीछे छोड़ा।
कमाल के कोहली
पाकिस्तान के खिलाफ जमकर गरजता है कोहली का बल्ला
पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्व कप में भारत की ओर से कोहली (5) सर्वाधिक 30 से अधिक के स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी हैं। अन्य कोई भारतीय दो बार भी ऐसा नहीं कर पाया है।
ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर कोहली (6) टी-20 अंतरराष्ट्रीय में तीसरे सर्वाधिक 50 से अधिक स्कोर करने वाले खिलाड़ी हैं। उनसे आगे डेविड वार्नर और आरोन फिंच (7-7) हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ कोहली के 10 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 488 रन हैं, युवराज सिंह (155) दूसरे हैं।
यादगार जीत
भारत ने दर्ज की यादगार जीत
पाकिस्तान के खिलाफ तनाव से भरपूर मैच में भारत ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अंतिम गेंद पर जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ ही भारत ने दुबई में आयोजित हुए पिछले संस्करण में पाकिस्तान के हाथों 10 विकेट से मिली हार का हिसाब भी चुकता कर दिया।
पाकिस्तान ने पहले खेलते हुए 159/8 रन बनाए, जवाब में भारतीय क्रिकेट टीम ने अंतिम गेंद पर 160/6 बनाते हुए जीत दर्ज की।