
IPL के फाइनल मुकाबलों में कैसा रहा है विराट कोहली का प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के क्वालीफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 8 विकेट से हरा दिया।
इसके साथ ही IPL इतिहास में RCB चौथी बार फाइनल में पहुंच गई है। अब टीम पहली ट्रॉफी जीतने से एक कदम दूर है।
इस संस्करण विराट कोहली की फॉर्म कमाल की रही है। ऐसे में उनसे फाइनल में बड़ी पारी की उम्मीद होगी।
आइए RCB के अब तक के फाइनल में कोहली का प्रदर्शन जान लेते हैं।
#1
IPL 2009 के फाइनल में खामोश रहा था कोहली का बल्ला
RCB पहली बार IPL 2009 में फाइनल में पहुंची थी।
डेक्कन चार्जर्स ने उस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 143/6 का स्कोर बनाया था। जवाब में RCB 137/9 का स्कोर ही बना पाई थी और मुकाबला 6 रन से हार गई थी।
कोहली उस मुकाबले में नंबर-6 पर बल्लेबाजी करने आए थे। उन्होंने 8 गेंदों का सामना किया था और सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए थे।
उनके बल्ले से सिर्फ 1 चौका निकला था।
#2
IPL 2011 फाइनल में कोहली ने खेली थी बहुत धीमी पारी
दूसरी बार RCB IPL 2011 में फाइनल खेली थी। उस मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205/5 का स्कोर बनाया था।
नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए कोहली ने 35 रन बनाए थे। उन्होंने इन रनों के लिए 32 गेंदें खर्च कर दी थी।
उनके बल्ले से 1 चौका और 1 छक्का निकला था। उनकी स्ट्राइक रेट 109.37 की रही थी।
उस फाइनल मुकाबले में CSK को 58 रन से जीत मिली थी।
#3
IPL 2016 फाइनल में कोहली ने जड़ा था अर्धशतक
IPL 2016 में कोहली के बल्ले से रिकॉर्ड 973 रन निकले थे।
फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए SRH ने 208/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में कोहली ने क्रिस गेल (76) के साथ मिलकर RCB को धमाकेदार शुरुआत दिलाई थी।
उन्होंने 35 गेंदों का सामना करते हुए 54 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 5 चौके और 2 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 154.28 की रही थी।
इसके बावजूद SRH वह मुकाबला 8 रन से जीत गई थी।
जानकारी
IPL 2025 में कोहली के आंकड़े
IPL 2025 में कोहली ने अब तक 14 मुकाबले खेले हैं। इसकी 14 पारियों में 55.81 की औसत और 146.53 की स्ट्राइक रेट से 614 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 8 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 73* रन रहा है।