Page Loader
सफेद गेंद की सभी ICC ट्रॉफी जीत चुके हैं विराट कोहली, जानिए कैसा रहा उनका प्रदर्शन 
टी-20 विश्व कप 2024 के खिताब के साथ विराट कोहली (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

सफेद गेंद की सभी ICC ट्रॉफी जीत चुके हैं विराट कोहली, जानिए कैसा रहा उनका प्रदर्शन 

Jul 06, 2024
02:32 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली टी-20 विश्व कप 2024 के विजेता होने के साथ ही इतिहास रच चुके हैं। वह सफेद गेंद से खेले जाने वाले वनडे विश्व कप, टी-20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी के रूप में तीनों ICC खिताब अपने नाम कर चुके हैं। दिलचस्प रूप से कोहली अंडर-19 विश्व कप विजेता भी रहे हैं। ऐसे में वह इन 4 ट्रॉफी को जीतने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

अंडर-19 विश्व कप

बतौर कप्तान जीत चुके हैं अंडर-19 विश्व कप 

2008 में मलेशिया में अंडर-19 विश्व कप का आयोजन हुआ था, जिसे कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम ने अपने नाम किया था। कोहली ने उस 50 ओवर प्रारूप की प्रतियोगिता में 6 पारियों में 47.00 की औसत और 94.75 की स्ट्राइक रेट के साथ 235 रन बनाए थे। वह भारत की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। कोहली के प्रभावशाली प्रदर्शन के चलते ही उन्हें 2008 में भारत की सीनियर टीम में चुना गया था।

वनडे विश्व कप 

2011 में जीता था वनडे विश्व कप

साल 2011 में महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में भारत ने वनडे विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था। उस संस्करण में कोहली ने 9 पारियों में 35.25 की औसत और 82.21 की स्ट्राइक रेट के साथ 282 रन बनाए थे, जिसमें 1 शतक भी शामिल था। खिताबी मुकाबले में श्रीलंका क्रिकेट टीम के विरुद्ध लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने उपयोगी 35 रन बनाए और गौतम गंभीर के साथ 83 रन की अहम साझेदारी की थी।

चैंपियंस ट्रॉफी 

2013 में चैंपियंस ट्रॉफी का जीता खिताब

धोनी की कप्तानी में ही भारत ने 2013 में खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी को अपने नाम किया था। उस विजयी अभियान में कोहली का अच्छा प्रदर्शन रहा था। उन्होंने 5 पारियों में 58.66 की औसत और 95.65 की स्ट्राइक रेट के साथ 176 रन बनाए थे। बारिश से प्रभावित रहे फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 34 गेंदों में 43 रन बनाए थे। भारत ने वो खिताबी मैच 5 रन के करीबी अंतर से जीता था।

2024 

2024 में बने टी-20 विश्व कप विजेता

रोहित शर्मा की अगुआई में भारत ने टी-20 विश्व कप 2024 में अपना कब्जा जमाया। इस पूरे संस्करण के दौरान खराब फॉर्म से जूझ रहे कोहली ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 59 गेंदों पर 76 रन की पारी खेली थी। उनकी यह पारी मैच जिताने में अहम साबित हुई। कोहली ने हाल ही में समाप्त हुई इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 8 पारियों में 18.87 की औसत और 112.68 की स्ट्राइक रेट से 151 रन बनाए थे।

न्यूजबाइट्स प्लस

युवराज सिंह भी जीत चुके हैं ये ICC खिताब 

पूर्व भारतीय दिग्गज युवराज सिंह भारतीय टीम की ओर से खेलते हुए वनडे विश्व कप (2011) और टी-20 विश्व कप (2007) जीत चुके हैं। वह 2000 में अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य भी रह चुके हैं। दिलचस्प रूप से 2002 के चैंपियंस ट्रॉफी में भारत और श्रीलंका की टीमें संयुक्त विजेता रही थी। युवराज भी उस टीम के सदस्य रहे थे, लेकिन बारिश के कारण कोलंबो में खेला गया वो मैच बेनतीजा रहा था।