Loading...
विराट कोहली ने चुनी अपनी सर्वश्रेष्ठ वनडे पारी, चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल को बताया सबसे खास
चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में कोहली ने बनाए थे 43 रन (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

विराट कोहली ने चुनी अपनी सर्वश्रेष्ठ वनडे पारी, चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल को बताया सबसे खास

Nov 05, 2026
12:36 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली 5 नवंबर, 2026 को 38 साल के हो गए हैं। अपने इस जन्मदिन के मौके पर न्यूजीलैंड दौरे पर मौजूद कोहली ने अपनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ वनडे पारी का खुलासा किया है। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी 2013 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई 43 रन की पारी को सबसे ऊपर दर्जा दिया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।

सर्वश्रेष्ठ पारी 

कोहली ने आखिरकार चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल की पारी को चुना 

कोहली के जन्मदिन पर स्टारस्पोर्ट्स ने एक चैलेंज वीडियो जारी किया, जिसमें भारतीय दिग्गज को अपनी कई शानदार पारियों में से एक चुनने को कहा गया।

इसमें एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ 183 रन, केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 160 रन की पारियां शामिल थीं।

इस चैलेंज में कोहली ने शुरुआत में वनडे विश्व कप 2011 फाइनल की 35 रन की पारी को सबसे ऊपर रखा, लेकिन आखिर में चैंपियंस ट्रॉफी की 43 रन की पारी को चुना।

ट्विटर पोस्ट

स्टार स्पोर्ट्स ने जारी किया वीडियो 

ADVERTISEMENT

भारत 

कोहली की पारी की बदौलत चैंपियंस ट्रॉफी में जीता था भारत 

चैंपियंस ट्रॉफी 2013 के फाइनल में बारिश का खलल देखने को मिला था, जिसके चलते मैच 20-20 ओवरों का खेला गया था।

बर्मिंघम में खेले गए मैच में बल्लेबाजी करना बेहद मुश्किल था, जिसमें कोहली ने 34 गेंदों में 43 रन की पारी खेली थी। उन्होंने 4 चौके और एक छक्का भी लगाया था।

उनकी पारी की बदौलत भारत ने 129/7 का स्कोर बनाया था।

जवाब में इंग्लिश टीम 124/8 का स्कोर ही बना सकी थी।

ADVERTISEMENT

शतक 

कोहली ने इन बड़ी शतकीय पारियों को नहीं बताया सर्वश्रेष्ठ 

कोहली ने एशिया कप 2012 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 183 रन (अपना सर्वोच्च स्कोर) की पारी खेली थी।

उनकी बदौलत भारत ने मीरपुर में जीत के लिए मिले 330 रन के लक्ष्य को हासिल किया था। भारत ने 6 विकेट से वो मैच जीता था।

कोहली ने 2018 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर तीसरे वनडे मैच में 159 गेंदों में नाबाद 160 रन बनाए थे। भारत ने उस मैच को 124 रन से जीता था।

करियर 

इस समय न्यूजीलैंड दौरे पर मौजूद हैं कोहली 

कोहली इस समय न्यूजीलैंड दौरे पर वनडे सीरीज में हिस्सा ले रहे हैं।

सीरीज के पहले मैच में उन्होंने 74 रन की पारी खेली और जीत में योगदान दिया था।

अपने वनडे करियर में उन्होंने अब तक 318 मैच खेले हैं, जिसमें 58.84 की औसत और 94.52 की स्ट्राइक रेट के साथ 15,183 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 55 शतक और 80 अर्धशतक अपने नाम किए हैं।

ADVERTISEMENT