IPL 2026 के दौरान ये अहम रिकॉर्ड्स बना सकते हैं विराट कोहली
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के प्रथम चरण के शेड्यूल की घोषणा की जा चुकी है, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपना पहला मैच सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 28 मार्च को खेलेगी। RCB के इस अभियान में विराट कोहली के प्रदर्शन पर नजरें रहेंगी। वह अपनी टीम को लगातार दूसरे संस्करण में खिताब जिताने की कोशिश करेंगे। कोहली आगामी संस्करण के दौरान कुछ रिकॉर्ड्स बना सकते हैं, उन पर एक नजर डालते हैं।
IPL
IPL में 9,000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज
कोहली ने अब तक खेले 267 मैचों की 259 पारियों में 39.54 की औसत के साथ 8,661 रन बनाए हैं। वह इस सीजन में IPL इतिहास में 9,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन सकते हैं। उन्हें इस आंकड़े को छूने के लिए 339 रन की दरकार है। उन्होंने IPL 2025 में 650 से अधिक रन बनाए थे। फिलहाल कोहली लीग में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
300 छक्के
300 छक्के पूरे करने वाले तीसरे बल्लेबाज
कोहली ने अपने IPL करियर में अब तक 291 छक्के लगाए हैं। वह 300 छक्के पूरे करने वाले क्रिस गेल और रोहित शर्मा के बाद तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। बता दें कि गेल लीग इतिहास में सर्वाधिक छक्के (357) लगा चुके हैं। वहीं, रोहित ने 302 छक्के अपने नाम किए हुए हैं। कोहली ने अपने बेमिसाल IPL करियर में 771 चौके लगाए हैं। वह 800 चौके लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन सकते हैं।
आंकड़े
टी-20 क्रिकेट में रनों के मामले में शोएब मलिक को पीछे छोड़ने के करीब हैं कोहली
कोहली ने 2007 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के जरिए अपने टी-20 क्रिकेट करियर का आगाज किया था। डेढ़ दशक से लम्बे टी-20 करियर में उन्होंने अब तक 414 मैचों में 41.92 की औसत और 134.67 की स्ट्राइक रेट से 13,543 रन बना लिए हैं। इस बीच उन्होंने 9 शतक और 105 अर्धशतक लगाए हैं। कोहली टी-20 क्रिकेट में रनों के मामले में शोएब मलिक (13,571) को पीछे छोड़ देंगे।
जानकारी
इस सूची में शामिल हो सकते हैं कोहली
कोहली ने अपने टी-20 करियर में 9 शतक लगाए हैं। वह 10 शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन सकते हैं। गेल (22), डेविड वार्नर (10), और बाबर आजम (11) ऐसा कर चुके हैं।