वनडे क्रिकेट: विराट कोहली नंबर-3 पर 13,000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। उन्होंने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 13,000 रन पूरे कर लिए। ऐसा करने वाले वह दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली ने इस मुकाबले में अपनी पारी का 12वां रन बनाते ही यह ऐतिहासिक आंकड़ा छू लिया। ऐसे में आइए इस खास उपलब्धि से जुड़े उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
नंबर-3
नंबर-3 पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में कोहली शीर्ष पर पहुंच गए हैं।
उन्होंने 13,000 रन 61.61 की शानदार औसत के साथ पूरे किए हैं।
इस सूची में दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग हैं, जिन्होंने 42.48 की औसत से 12,662 रन बनाए हैं।
कुमार संगकारा (9,747 रन), जैक्स कैलिस (7,774 रन) और केन विलियमसन (6,504 रन) इस सूची में शामिल अन्य बल्लेबाज हैं।
शतक
नंबर-3 पर कोहली ने जड़े हैं 48 शतक
कोहली ने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 251 पारियों में ये रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 48 शतक और 69 अर्धशतक निकले हैं।
वह 19 बार खाता खोले बिना आउट हुए हैं, जबकि 40 पारियों में नाबाद रहे हैं। इस स्थान पर उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 183 रन है।
कोहली ने चौथे स्थान पर भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 39 पारियों में 55.21 की औसत से 1,767 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 7 शतक निकले हैं।