Page Loader
तेज गेंदबाज विनय कुमार ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया

तेज गेंदबाज विनय कुमार ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया

Feb 26, 2021
05:20 pm

क्या है खबर?

भारतीय तेज गेंदबाज विनय कुमार ने शुक्रवार (26 फरवरी) को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने ट्विटर के जरिए संन्यास की घोषणा की है। 37 वर्षीय विनय भारत की ओर से 31 वनडे और नौ टी-20 खेल चुके हैं। साल 2010 में अपना अंतरराष्ट्रीय पर्दापण करने वाले विनय ने अपना आखिरी मैच 2013 में वनडे के रूप में खेला था। आइए एक नजर डालते हैं पूरी खबर पर।

बयान

मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लेता हूं- विनय

उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'आज देवंगेरे एक्सप्रेस अपने क्रिकेट करियर में 25 साल तक दौड़ने और कई स्टेशनों को पार करने के बाद अपने आखिरी स्टेशन 'रिटायरमेंट' पर पहुंच गई है। कई मिली-जुली भावनाएं हैं। मैं विनय कुमार यहां अंतरराष्ट्रीय और फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान करता हूं।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं भाग्यशाली रहा हूं जो मुझे सर्वोच्च स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला।'

ट्विटर पोस्ट

ट्वीट करके दी जानकारी

अंतरराष्ट्रीय करियर

ऐसा रहा है विनय का अंतरराष्ट्रीय करियर

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज विनय ने भारत की ओर से 31 वनडे खेले, जिसमें उन्होंने 37.44 की औसत से 38 विकेट लिए हैं। इस बीच उनका बेस्ट प्रदर्शन 30 रन देकर चार विकेट लेना रहा है। इसके अलावा उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में हुए इकलौते टेस्ट में सिर्फ एक ही विकेट लिया था। वह भारत की ओर से नौ टी-20 भी खेल चुके हैं और 3/24 के बेस्ट प्रदर्शन के साथ 10 विकेट हासिल कर चुके हैं।

IPL करियर

ऐसा रहा है IPL करियर

​वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB), कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR), कोच्ची टस्कर्स केरला और मुंबई इंडियंस (MI) की ओर से खेल चुके हैं। उन्होंने अपने IPL करियर में 105 मैच खेले और 28.24 की औसत से 105 विकेट लिए। इस बीच उनका बेस्ट प्रदर्शन 40 रन देकर चार विकेट लेना रहा है। वह KKR और MI की टीम से IPL खिताब भी जीत चुके हैं।

डोमेस्टिक करियर

शानदार रहा है विनय का डोमेस्टिक करियर

दाएं हाथ के गेंदबाज विनय ने कर्नाटक की ओर से अपना डोमेस्टिक करियर शुरू किया था। उन्होंने 2004 में बंगाल के खिलाफ अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू मैच खेला था। उन्होंने 139 फर्स्ट क्लास मैचों में 22.44 की औसत से 504 विकेट हासिल किए हैं। वह रणजी ट्रॉफी इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज हैं। इसके अलावा उन्होंने 141 लिस्ट-A मैचों में 225 विकेट अपने नाम किए हैं।