Page Loader
IPL 2024: SRH ने वनिंदु हसरंगा की जगह विजयकांत व्यासकांत को दिया अपनी टीम में मौका 
विजयकांत व्यासकांत को SRH की टीम में मौका मिला है (तस्वीर: एक्स/@CBMCRICKET)

IPL 2024: SRH ने वनिंदु हसरंगा की जगह विजयकांत व्यासकांत को दिया अपनी टीम में मौका 

Apr 09, 2024
06:11 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के बचे हुए सीजन के लिए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने श्रीलंकाई स्पिनर विजयकांत व्यासकांत को अपने साथ शामिल किया है। उन्हें वनिंदू हसरंगा की जगह पर टीम में जोड़ा गया है, जो चोट के चलते इस सीजन में कोई मुकाबला भी नहीं खेल सके थे। SRH ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया के जरिए ये जानकारी दी है। आइए पूरी खबर पर एक नजर डालते हैं।

आंकड़े 

विजयकांत के आंकड़ों पर एक नजर 

विजयकांत ने अब तक श्रीलंका के लिए सिर्फ 1 टी-20 मुकाबले खेला है। उन्होंने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2023 में डेब्यू किया था। उस एकमात्र मैच में इस खिलाड़ी के नाम सिर्फ 1 विकेट आया था। टी-20 क्रिकेट में 22 साल के इस खिलाड़ी ने 33 मुकाबले खेले हैं और 18.78 की शानदार औसत के साथ 42 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/14 का रहा है। उन्होंने 6.76 की इकॉनमी से गेंदबाजी की है।

लिस्ट-A

घरेलू क्रिकेट में कैसे हैं विजयकांत के आंकड़े?

विजयकांत ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 6 मैच खेले हैं। इसकी 9 पारियों में 15.25 की औसत से 16 विकेट झटके हैं। उन्होंने 1 बार 4 विकेट हॉल लिया है। उनकी इकॉनमी रेट 3.62 की रही है। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/53 का रहा है। लिस्ट-A क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 5 मैच खेले हैं और इसकी 4 पारियों में सिर्फ 2 विकेट लेने में सफल रहे हैं।

नीलामी 

1.5 करोड़ रुपये में SRH की टीम का हिस्सा बने थे हसरंगा 

IPL 2024 की नीलामी में हसरंगा को SRH ने 1.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह पिछले सीजन तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ओर से खेल रहे थे। बता दें कि उन्हें RCB ने 2022 से पहले हुई नीलामी में 10.75 करोड़ रुपये की बड़ी धनराशि के साथ अपने साथ शामिल किया था। उस सीजन में उन्होंने 26 विकेट चटकाए थे। वह IPL 2021 में भी RCB की ओर से बतौर रिप्लेसमेंट खिलाड़ी 2 मैच खेल चुके हैं।

श्रीलंका

कैसा रहा है हसरंगा का IPL करियर?

हसरंगा ने IPL में कुल 26 मुकाबले खेले हैं और 21.37 की औसत के साथ 35 विकेट लिए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 8.13 की रही है। वह क्रिकेट की सबसे बड़ी लीग में 1 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल ले चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/18 का रहा है। IPL 2023 में इस खिलाड़ी ने 8 मैच में 28.67 की औसत से 9 विकेट अपने नाम किए थे। उनकी इकॉनमी रेट 8.90 की रही थी।