श्रीलंका-A बनाम इंडिया-A, फाइनल: वैभव सूर्यवंशी ने जड़ा लिस्ट-A इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक
क्या है खबर?
इंडिया-A के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका में खेली जा रही त्रिकोणीय वनडे सीरीज के फाइनल मुकाबले में मेजबान श्रीलंका-A क्रिकेट टीम के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (94) खेली। यह उनके लिस्ट-A करियर का दूसरा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने महज 11 गेंदों में पूरा किया। इसके साथ ही यह लिस्ट-A इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। वह दुर्भाग्शाली रहे और महज 6 रन से अपना दूसरा शतक जड़ने से चूक गए।
बल्लेबाजी
कैसी रही वैभव की पारी और साझेदारी?
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-A को वैभव और प्रियांश आर्य की सलामी जोड़ी ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए महज 53 गेंदों में 132 रन की साझेदारी निभाई। इस दौरान वैभव ने महज 11 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों से अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद भी उनकी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रही। वह 29 गेंदों में 10 चौके और 8 छक्कों से 94 रन बनाकर आउट हुए।
रिकॉर्ड
वैभव ने तोड़ा कौशल्या वीररत्ने का रिकॉर्ड
वैभव अब लिस्ट-A क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में श्रीलंका के कौशल्या वीररत्ने रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने साल 2005 में 12 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। इस सूची में सरफराज खान (15 गेंद बनाम पंजाब, 2026) तीसरे, अभिजीत काले (16 गेंद बनाम बड़ौदा, 1995) और अतीत शेठ (16 गेंद छत्तीसगढ़, 2020) चौथे और इंग्लैंड के लियाम लिविंगस्टोन (17 गेंद बनाम नीदरलैंड, 2022) 5वें नंबर पर हैं।
रिकॉर्ड
वैभव ने ये रिकॉर्ड भी किए अपने नाम
वैभव पहली 11 गेंदों पर सबसे ज्यादा बाउंड्री से अर्धशतक तक पहुंचने का अनोखा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। उन्होंने अपनी पहली 11 गेंदों में से 10 गेंदों पर बाउंड्री बटोरी। इसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल थे। अर्धशतक के समय उनकी स्ट्राइक रेट 454.55 की थी, जो लिस्ट-A के इतिहास में सबसे अधिक है। पारी में वैभव की स्ट्राइक रेट 324.14 की रही। यह लिस्ट-A क्रिकेट में 50+ रन बनाने वालों में सबसे अधिक है।
करियर
कैसा रहा है वैभव का लिस्ट-A करियर?
वैभव ने साल 2024 में मध्य प्रदेश के खिलाफ अपने लिस्ट-A करियर का आगाज किया था। वह अब तक 13 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 13 पारियों में 40 से अधिक की औसत और 162 से अधिक की स्ट्राइक रेट के साथ 560 से अधिक रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक के अलावा 2 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 190 रन का रहा है। वह अब तक 66 चौके और 34 छक्के जड़ चुके हैं।