वैभव सूर्यवंशी किसी टी-20 टूर्नामेंट में पावरप्ले में 500 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के क्वालीफायर-2 के लिए गुजरात टाइटंस (GT) और राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीमें आमने-सामने हुईं। इसमें RR के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह किसी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के पावरप्ले में 500 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। इसी तरह वह IPL के एक संस्करण में 700+ रन बनाने वाले पहले अनकैप्ड बल्लेबाज भी बने हैं। उन्होंने कई दिग्गजों को पछाड़ दिया है।
रिकॉर्ड
वैभव ने वार्नर को पछाड़ा
वैभव किसी भी टी-20 टूर्नामेंट के पावरप्ले में 500 रन का आंकड़ा छूने वाले पहले खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने IPL 2016 में पावरप्ले में 467 रन बनाए थे। इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के ही ट्रेविस हेड (402 रन, IPL 2024) तीसरे, साई सुदर्शन (402 रन, IPL 2025) चौथे और एडम गिलक्रिस्ट (382 रन, IPL 2009) 5वें पायदान पर मौजूद हैं।
रिकॉर्ड
वैभव ने यशस्वी को पीछे छोड़ा
वैभव ने इस मामले में RR में अपने साथी सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने IPL 2023 में अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में RR की ओर से 625 रन बनाए थे। सूची में शॉन मार्श दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने IPL 2008 में पंजाब किंग्स (PBKS) की ओर से खेलते हुए 616 रन बनाए थे। इसी तरह RR के कप्तान रियान पराग तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने IPL 2024 में 573 रन अपने नाम किए थे।
करियर
कैसा रहा है वैभव का IPL करियर?
वैभव ने पिछले साल लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह 23 मुकाबलों में 44 की औसत और 228 की स्ट्राइक रेट से 970 से अधिक रन बना चुके हैं। इसमें 2 शतक और 5 अर्धशतक शामिल है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन का रहा है। वह IPL में सबसे तेज शतक (35 गेंद) लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने IPL 2025 में युसूफ पठान (37) का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा था।