वैभव सूर्यवंशी ने दोहरे शतक के बाद किया बड़ा खुलासा, युवराज सिंह से हुई थी बात
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते हुए सितारे वैभव सूर्यवंशी ने बीते मंगलवार (24 नवंबर) को लिस्ट-A क्रिकेट में दोहरा शतक लगाकर इतिहास रचा। वह लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज 200 रन का आंकड़ा छूने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने अपनी इस पारी का श्रेय पूर्व भारतीय दिग्गज युवराज सिंह को दिया। उन्होंने बताया कि युवराज की सलाह से उनको इस पारी में मदद मिली। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।
बयान
युवराज ने मुझे बल्लेबाजी के बारे में समझाया- सूर्यवंशी
मैच के बाद BCCI ने सूर्यवंशी से जुड़ा हुआ इंटरव्यू साझा किया।
अपनी इस पारी को लेकर उन्होंने कहा, "कल मैंने सिर्फ 4 लोगों से बात की थी। एक तो मेरे पिताजी, दूसरे मेरे बचपन के कोच मनीष ओझा, तीसरे मेरे अंडर-19 क्रिकेट के दोस्त प्रथम जाचक और चौथे थे युवराज सिंह सर। मैंने उनसे (युवराज से) लगभग आधे घंटे बात की और उन्होंने मुझे बल्लेबाजी के बारे में बहुत कुछ समझाया।"
बयान
युवराज की सलाह से मिली मदद- सूर्यवंशी
सूर्यवंशी ने आगे कहा, "मैं बहुत परेशान था, इसलिए मैंने उनसे खुलकर बात की और बताया कि सर, जब मैं विकेट पर बल्लेबाजी करने जाता हूं तो मुझे ये-ये दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने मुझे आधे घंटे तक सब कुछ समझाया। उन्होंने कहा कि अगर तुम 20 गेंद खेलोगे तो स्कोर बहुत अलग होगा। उन्होंने बहुत सारी तकनीकी बातें भी बताईं और इससे मुझे आज मदद मिली।"
पारी
शानदार रही सूर्यवंशी की पारी
जीत के लिए 250 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यवंशी ने सिर्फ 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
उन्होंने अपने 150 रन 40 गेंदों में और दोहरा शतक 52 गेंदों में पूरा किया। वह सिर्फ 53 गेंदों में 204 रन बनाकर आउट हुए।
उन्होंने 7 चौके और 28 छक्के लगाए।
क्रिकबज के अनुसार, सूर्यवंशी पेशेवर क्रिकेट में एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने हैं।
रिकॉर्ड
सूर्यवंशी ने तोड़ा चैड बोस का रिकॉर्ड
सूर्यवंशी ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तरों को मिलाकर पेशेवर क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक जड़ा हैं।
उन्होंने इस मामले में न्यूजीलैंड के चैड बोस का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने साल 2024 में लिस्ट-A क्रिकेट में 103 गेंदों में दोहरा शतक (205) जड़ा था।
इस सूची में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक, भारत के एन जगदीशन और ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड संयुक्त तीसरे पायदान पर हैं। इन सभी ने 114-114 गेंदों में यह कमाल किया था।