वैभव सूर्यवंशी को लेकर पूर्व भारतीय दिग्गज का बड़ा बयान, गौतम गंभीर को दी खास नसीहत
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम की युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी कमाल के फॉर्म में चल रहे हैं। कई पूर्व क्रिकेटर और विशेषज्ञ उनको टी-20 टीम में नियमित मौका देने की वकालत कर चुके हैं। हालांकि, उनकी हालिया विस्फोटक पारी ने वनडे प्रारूप में भी उनकी काबिलियत दिखा दी है। भारत के पूर्व कप्तान और 1983 विश्व कप विजेता कृष्णमाचारी श्रीकांत का मानना है कि वैभव को भारतीय क्रिकेट में बड़ी भूमिका देने के लिए टीम प्रबंधन को कुछ साहसिक फैसले लेने होंगे।
मौके
गौतम गंभीर सूर्यवंशी की प्रतिभा को नजरअंदाज कर रहे- श्रीकांत
श्रीकांत का मानना है कि लगातार शानदार प्रदर्शन के बावजूद सूर्यवंशी को पर्याप्त मौके नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर को भी सीधे तौर पर संदेश दिया।
अपने यूट्यूब चैनल पर श्रीकांत ने कहा कि सूर्यवंशी को बिहार की कप्तानी सौंपी गई और दलीप ट्रॉफी में वह उपकप्तान रहे।
ईशान किशन के साथ मिलकर उन्होंने खिताब भी जीता। इसके बावजूद गंभीर उनकी प्रतिभा को नजरअंदाज कर रहे हैं।
टीम प्रबंधन
टीम प्रबंधन पर भड़के श्रीकांत
उन्होंने आगे कहा कि टीम प्रबंधन यह कहकर सूर्यवंशी को तैयार करने की बात कर रहा है कि उन्हें अभी मौका देने का समय नहीं आया है।
दूसरी ओर, यह युवा बल्लेबाज अपने खेल से लगातार जवाब दे रहा है।
श्रीकांत ने गंभीर से कहा कि उन्हें सूर्यवंशी की बल्लेबाजी पर गौर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह जिस अंदाज में शॉट लगा रहे हैं वैसी बल्लेबाजी कोई दूसरा खिलाड़ी नहीं कर सकता।
बल्लेबाजी
सूर्यवंशी जैसी बल्लेबाजी वीडियो गेम में भी नहीं होती है- श्रीकांत
श्रीकांत ने आगे कहा, "यह क्या है? क्या आपने किसी खिलाड़ी को इस तरह गेंद को मारते देखा है? उसके शॉट्स देखिए। मैदान के हर कोने में उसके पास शॉट खेलने की क्षमता है। यह बिल्कुल अलग स्तर की बल्लेबाजी है। ऐसी बल्लेबाजी तो वीडियो गेम में भी देखने को नहीं मिलती। मैंने आज तक इस तरह के शॉट्स नहीं देखे। आखिर यह खिलाड़ी कौन है? किस पीढ़ी का है? उसमें इतनी ताकत और टाइमिंग कहां से आती है?"
दिग्गज
इन दिग्गजों से की श्रीकांत ने सूर्यवंशी की तुलना
श्रीकांत ने 15 वर्षीय सूर्यवंशी की बल्लेबाजी की तुलना एबी डिविलियर्स और क्रिस गेल जैसे दिग्गज बल्लेबाजों से भी की। उन्होंने इस खिलाड़ी को उनसे भी बेहतर बता दिया।
उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, "मैंने किसी टीम में किसी खिलाड़ी को इस तरह बल्लेबाजी करते नहीं देखा। यहां तक कि डिविलियर्स और गेल भी इस अंदाज में नहीं खेलते थे।"
सूर्यवंशी ने UAE क्रिकेट टीम के खिलाफ 204 रन बनाए थे।