LOADING...
अंडर-19 विश्व कप 2026: भारत ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को हराया, 10वीं बाद फाइनल में पहुंची
भारत ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को हराया (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

अंडर-19 विश्व कप 2026: भारत ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को हराया, 10वीं बाद फाइनल में पहुंची

Feb 04, 2026
08:15 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम ने अंडर-19 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को 7 विकेट से हराते हुए फाइनल में प्रवेश किया। हरारे में खेले गए मुकाबले में अफगान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 310/4 का स्कोर बनाया, जिसमें फैसल शिनोजादा (110) और उजैरुल्लाह नियाजई (101*) के शतक शामिल रहे। जवाब में भारतीय टीम ने आरोन जॉर्ज के शतक (115) की बदौलत 42वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती भारतीय टीम 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए उस्मान सदात (39) और खालिद अहमदजई (31) ने अफगानिस्तान को सधी हुई शुरुआत दिलाई। इसके बाद शिनोजादा और नियाजई ने शतक लगाते हुए टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचाया। जवाब में वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ अर्धशतक (68) लगाया। उनके बाद कप्तान आयुष म्हात्रे (62) और सलामी बल्लेबाज जॉर्ज ने शतक लगाते हुए जीत में अहम योगदान दिया। विहान मल्होत्रा ने नाबाद 38 रन की पारी खेली।

शतक 

फैसल शिनोजादा और उजैरुल्लाह नियाजई ने लगाए शतक 

शिनोजादा ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए लगातार दूसरा शतक लगाया। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 93 गेंदों का सामना करते हुए 110 रन बनाए, जिसमें 15 छक्के शामिल रहे। नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए नियाजई ने 86 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाए। अपनी इस शतकीय पारी में उन्होंने 12 चौके और 2 छक्के लगाए। शिनोजादा और नियाजई ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 148 रन भी जोड़े।

Advertisement

अर्धशतक 

वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे ने लगाए अर्धशतक 

भारत से पारी की शुरुआत करने आए सूर्यवंशी ने अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी की और 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 33 गेंदों में 68 रन बनाकर आउट हुए। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 9 चौके और 4 छक्के लगाए। भारतीय कप्तान म्हात्रे ने मौजूदा संस्करण में अपना दूसरा अर्धशतक लगाया। वह 59 गेंदों में 5 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 62 रन बनाकर आउट हुए।

Advertisement

आरोन जॉर्ज

आरोन जॉर्ज ने खेली मैच जिताऊ पारी 

पारी की शुरुआत करते हुए जॉर्ज ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने सूर्यवंशी (68) के साथ पहले विकेट के लिए 90 रन और म्हात्रे के साथ 114 रन की साझेदारी की। बल्लेबाजी के लिए अच्छी नजर आ रही हरारे की पिच पर जॉर्ज ने 95 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 104 गेंदों में 15 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 115 रन बनाकर आउट हुए।

फाइनल 

फाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगी भारतीय टीम 

भारतीय टीम का फाइनल में सामना इंग्लैंड क्रिकेट टीम से 6 फरवरी को होगा। बता दें कि इंग्लिश टीम ने पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। भारतीय टीम ने 10वीं बार फाइनल में जगह बनाई। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट के इतिहास में अपना छठा खिताब जीतने की कोशिश करेगी। बता दें कि भारत मोहम्मद कैफ (2000), विराट कोहली (2008), उन्मुक्त चंद (2012), पृथ्वी शॉ (2018) और यश ढुल (2022) की कप्तानी में विश्व विजेता बना था।

जानकारी

भारतीय टीम ने रचा इतिहास 

भारतीय टीम ने अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया है। इससे पहले न्यूजीलैंड ने 2005 में आयरलैंड के खिलाफ 305 रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया था।

Advertisement