Page Loader
अंडर-19 टी-20 विश्व कप: वैष्णवी शर्मा ने रचा इतिहास, हैट्रिक लेने वाली पहली भारतीय महिला बनीं
वैष्णवी शर्मा ने रचा इतिहास (तस्वीर: एक्स/@ICC)

अंडर-19 टी-20 विश्व कप: वैष्णवी शर्मा ने रचा इतिहास, हैट्रिक लेने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

Jan 21, 2025
02:15 pm

क्या है खबर?

इस समय खेले जा रहे महिलाओं के अंडर-19 टी-20 विश्व कप 2025 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वैष्णवी शर्मा ने इतिहास रच दिया। मलेशिया के खिलाफ मुकाबले में भारत की इस स्पिन गेंदबाज ने हैट्रिक लेने का कारनामा किया। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में हैट्रिक लेने वाली भारत की पहली महिला गेंदबाज बनीं हैं। उन्होंने मैच में कुल 5 विकेट चटकाए और जीत में अहम भूमिका निभाई। आइए उनकी गेंदबाजी के बारे में जानते हैं।

गेंदबाजी

ऐसी रही वैष्णवी की गेंदबाजी 

बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी ने मलेशिया की पारी के 14वें ओवर में नूर ऐन बिनती रोस्लान (3), नूर इस्मा बिनती मोहम्मद डैनियल (0) और सिटी नाजवाह (0) को लगातार गेंदों पर आउट किया। इससे पहले वह 2 विकेट और प्राप्त कर चुकी थी। अपना डेब्यू मैच खेल रही वैष्णवी ने अपने 4 ओवर के कोटे में 1.25 की इकॉनमी रेट से 5 रन देते हुए 5 विकेट लिए। इस बीच उन्होंने एक ओवर मेडन भी किया।

ट्विटर पोस्ट

Twitter Post

परिचय 

ग्वालियर से ताल्लुक रखती हैं वैष्णवी

वैष्णवी का जन्म मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 18 दिसंबर, 2005 को हुआ। NDTV के मुताबिक, वह चंबल क्षेत्र से खेलने वाली पहली क्रिकेटर भी हैं। वह 2022-23 में जूनियर डोमेस्टिक सीजन में सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर के लिए जगमोहन डालमिया ट्रॉफी भी अपने नाम कर चुकी हैं। वह पिछले साल 2024 में सीनियर महिला इंटर जोनल मल्टी-डे ट्रॉफी में सेंट्रल जोन की ओर से खेलते हुए दिखी थी।

लेखा-जोखा 

भारत ने सिर्फ 2.5 ओवर में 10 विकेट से जीता मैच 

मुकाबले की बात करें तो वैष्णवी की अविश्वसनीय गेंदबाजी के सामने मलेशिया की पारी पहले बल्लेबाजी करते हुए 14.3 ओवर में 31 रन पर ही ढेर हो गई। उनके अलावा आयुषी शुक्ला ने 3 सफलताएं हासिल की। दिलचस्प रूप से मलेशिया की कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकी। जवाब में भारतीय टीम ने सिर्फ 2.5 ओवर में बिना कोई विकेट खोए आसानी से लक्ष्य हासिल किया।

भारत 

भारत ने जीता अपना दूसरा टी-20 मैच 

ग्रुप-A में मौजूद भारतीय टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इससे पहले अपने शुरुआती मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 9 विकेट से मैच जीता था। भारतीय टीम फिलहाल अपने ग्रुप में शीर्ष पर बरकरार है और अपने आखिरी ग्रुप मैच में 23 जनवरी को श्रीलंका से भिड़ेगी। इस ग्रुप में भारत के बाद श्रीलंका दूसरे और वेस्टइंडीज तीसरे स्थान पर है, जबकि मलेशिया चौथे स्थान पर है।