Page Loader
अंडर-19 टी-20 विश्व कप 2025: नाइजीरिया महिला क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर किया उलटफेर
नाइजीरिया ने न्यूजीलैंड को हराया (तस्वीर: एक्स/@cricket_nigeria)

अंडर-19 टी-20 विश्व कप 2025: नाइजीरिया महिला क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर किया उलटफेर

Jan 20, 2025
12:19 pm

क्या है खबर?

इस समय खेले जा रहे महिलाओं के अंडर-19 टी-20 विश्व कप 2025 में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। दरअसल, ग्रुप-C में मौजूद नाइजीरिया क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ हुए रोचक मुकाबले में 2 रन से जीत दर्ज की है। दिलचस्प रूप से मौजूदा टूर्नामेंट में यह नाइजीरिया की पहली जीत है, जबकि यह कीवी टीम की लगातार दूसरी हार है। आइए मुकाबले पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती नाइजीरिया की टीम 

बारिश से खलल के बीच 13-13 ओवरों का मैच खेला गया, जिसमें टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नाइजीरिया ने 65/6 का स्कोर बनाया। इस पश्चिम अफ्रीकी देश से कप्तान लकी पिटी (18) और लिलियन उडेह (19) ने उपयोगी पारियां खेली। जवाब में कीवी टीम 13 ओवर के बाद 6 विकेट खोकर 63 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड को आखिरी ओवर में जीत के लिए 9 रन की दरकार थी, जिसे वह हासिल नहीं कर सके।

अंक तालिका 

अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची नाइजीरिया की टीम 

इस जीत के साथ नाइजीरिया ने ग्रुप-C में शीर्ष स्थान (+0.154) हासिल किया है। नाइजीरिया ने एक मैच जीता है और एक मैच का कोई परिणाम नहीं निकला है। लगातार दूसरी हार झेलने वाली न्यूजीलैंड की टीम -0.154 नेट रन रेट के साथ अपने ग्रुप में चौथे स्थान पर है। इस ग्रुप में दक्षिण अफ्रीका की टीम दूसरे स्थान पर है और समोआ की टीम तीसरे स्थान पर मौजूद है।