त्रिकोणीय वनडे सीरीज फाइनल: फखर जमान ने श्रीलंका के खिलाफ जड़ा पहला शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज फखर जमान ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ त्रिकोणीय वनडे सीरीज के फाइनल मुकाबले में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी (127) खेली। यह उनके वनडे करियर का 12वां और श्रीलंका टीम के खिलाफ पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 84 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत ही मेजबान पाकिस्तान टीम 326 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच में बनी रही। आइए उनकी पारी और आंकड़े जानते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही जमान की पारी और साझेदारी?
लक्ष्य का पीछा करते हुए जमान के सामने पाकिस्तान को 14 रन पर 2 झटके लग गए थे।
उसके बाद उन्होंने साद बेग (74) के साथ पारी को आगे बढ़ाया और तीसरे विकेट के लिए 149 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी।
इस दौरान उन्होंने पहले अर्धशतक पूरा किया और फिर तेजी से उसे शतक में तब्दील कर दिया।
जमान अपनी पारी में 99 गेंदों में 11 चौके और 6 छक्कों से 127 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
उपलब्धि
वनडे में 300+ लक्ष्य का पीछा करते हुए 5वें सर्वाधिक शतक
इस शतक के साथ जमान ने एक खास उपलब्धि भी हासिल कर ली।
वह वनडे क्रिकेट इतिहास में 300 से अधिक रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 5वें सर्वाधिक शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। यह उनका चौथा शतक रहा है।
इस सूची में भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली 10 शतकों के साथ पहले पायदान पर काबिज हैं।
सूची में रोहित शर्मा (7) दूसरे, इंग्लैंड के जो रूट (6) तीसरे और जेसन रॉय (5) चौथे नंबर पर हैं।
रिकॉर्ड
4,000 वनडे रन पूरे करने वाले दूसरे सबसे तेज पाकिस्तानी
अपनी पारी का 108वां रन बनाते ही जमान के वनडे में 4,000 रन भी पूरे हो गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले कुल 16वें पाकिस्तानी बल्लेबाज हैं।
उन्होंने 97 मैच की 96 पारियों में यह कारनामा किया है। इसके साथ ही वह सबसे तेज 4,000 रन पूरे करने वाले दूसरे पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए हैं।
पाकिस्तान के लिए सबसे तेज 4,000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड बाबर आजम के नाम दर्ज हैं, जिन्होंने 82 पारियों में ऐसा किया था।
करियर
कैसा रहा है जमान का वनडे करियर?
बाएं हाथ के बल्लेबाज जमान ने अपने वनडे क्रिकेट करियर का आगाज साल 2017 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ किया था।
उन्होंने अब तक 97 मैचों की 96 पारियों में लगभग 44.65 की औसत और 93.57 की स्ट्राइक रेट से 4,019 रन बनाए हैं।
इस प्रारूप में 210 के उच्चतम स्कोर के साथ उनके नाम 12 शतक के अलावा 19 अर्धशतक भी दर्ज हैं।
वह लंबे-लंबे शॉट लगाने के लिए जाने जाते हैं।