LOADING...
भारतीय महिला टीम ने त्रिकोणीय सीरीज 2025 का जीता खिताब, फाइनल में श्रीलंका को दी मात
भारत ने जीता खिताब (तस्वीर: एक्स/@BCCIWomen)

भारतीय महिला टीम ने त्रिकोणीय सीरीज 2025 का जीता खिताब, फाइनल में श्रीलंका को दी मात

May 11, 2025
05:42 pm

क्या है खबर?

त्रिकोणीय सीरीज 2025 का खिताब भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीता है। कोलंबो में हुए फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम को 97 रन से हराया है। खिताबी मैच में भारत ने पहले खेलते हुए निर्धारित 50 ओवर के बाद 342/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में मेजबान टीम लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रही। बता दें इस सीरीज में तीसरी टीम दक्षिण अफ्रीका थी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

भारत ने आसानी से जीता फाइनल मैच 

भारत से प्रतिका रावल (30) और स्मृति मंधाना ने 70 रन की साझेदारी की। अच्छी शुरुआत के बाद मंधाना ने शतक (116) लगाया। उनके अलावा हरलीन देओल (47), हरमनप्रीत कौर (41) और जेमिमा रोड्रिगेज (44) ने उम्दा पारियां खेलते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में चमारी अथापत्थु (51) और नीलाक्षी डी सिल्वा (48) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके। श्रीलंकाई टीम 245 रन पर सिमट गई।

मंधाना 

मंधाना ने लगाया शतक 

मंधाना ने अपनी उम्दा फॉर्म जारी रखते हुए कुछ आकर्षक शॉट लगाए। उन्होंने निरंतर रन बनाने जारी रखते हुए 55 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने श्रीलंका के तेज गेंदबाजों के साथ-साथ स्पिनरों के खिलाफ भी रन बटोरने में सफलता हासिल की। उन्होंने 92 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। वह 101 गेंदों में 15 चौकों और 2 छक्कों की बदौलत 116 रन बनाकर दूसरे विकेट के रूप में आउट हुई।

Advertisement

शतक 

विश्व क्रिकेट में तीसरी सर्वाधिक वनडे शतक वाली महिला खिलाड़ी हैं मंधाना 

यह मंधाना का 11वां वनडे शतक था। अब वह इस प्रारूप में शतकों के मामले में केवल ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग (15) और न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स (13) से पीछे हैं। यह श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ उनका पहला शतक है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 16 मैचों में 43.85 की औसत के साथ 614 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 5 अर्धशतक भी लगाए हैं।

Advertisement

छक्के 

वनडे में सर्वाधिक छक्के लगाने वाली भारतीय महिला बनीं मंधाना 

मंधाना अब भारत की ओर से वनडे में सर्वाधिक छक्के लगाने वाली महिला खिलाड़ी बनी हैं। उन्होंने छक्कों के मामले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत (53) को पीछे छोड़ा है। 102 वनडे में मंधाना के नाम अब 54 छक्के और 540 चौके हैं। वनडे में छक्कों के मामले में वह केवल डिएंड्रा डॉटिन (91), सोफी डिवाइन (70), लिजेल ली (70), क्लो ट्रायोन (70) और चमारी अथापथु (60) से पीछे हैं।

स्कोर 

भारतीय महिला टीम ने विदेशों में बनाया अपना सर्वोच्च स्कोर 

भारतीय महिला टीम ने विदेशों में खेलते हुए वनडे में अपना अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। क्रिकबज के अनुसार, इससे पहले ऐसा सबसे बड़ा स्कोर 2022 में कैंटरबरी में इंग्लैंड के खिलाफ 333/5 आया था। क्रिकइंफो के अनुसार, वनडे में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर अभी भी इस साल की शुरुआत में राजकोट में आयरलैंड के खिलाफ (435/5) दर्ज हुआ था।

Advertisement