Page Loader
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट: भारतीय महिला टीम द्वारा की गई सबसे बड़ी साझेदारियों पर एक नजर 
भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ पहले 2 मुकाबले जीते हैं (तस्वीर: एक्स/@BCCIWomen)

टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट: भारतीय महिला टीम द्वारा की गई सबसे बड़ी साझेदारियों पर एक नजर 

Jul 02, 2025
06:13 pm

क्या है खबर?

भारतीय महिला क्रिकेट टीम और इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में जेमिमा रोड्रिगेज और अमनजोत कौर ने अर्धशतकीय पारियां खेली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 93 रन की अहम साझेदारी निभाई। इंग्लैंड के खिलाफ यह भारत की तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी रही। भारतीय टीम को मैच में 24 रन से जीत मिली। इस बीच आइए भारत द्वारा टी-20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास में की गईं सबसे बड़ी साझेदारियों पर नजर डालते हैं।

#1

शफाली वर्मा और स्मृति मंधाना (143 रन, 2019) 

पहले स्थान पर शफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की जोड़ी है। दोनों ने साल 2019 में वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले विकेट के लिए 143 रन जोड़ दिए। शफाली के बल्ले से 49 गेंदों में 73 रन निकले थे। उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के लगाए थे। मंधाना ने 46 गेंदों का सामना किया था और 67 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 11 चौके निकले थे। मैच में भारतीय टीम को 84 रन से जीत मिली थी।

#2

शफाली वर्मा और स्मृति मंधाना (137 रन, 2024)  

दूसरे स्थान पर भी शफाली और मंधाना की जोड़ी है। दोनों ने ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 2024 में पहले विकेट के लिए 137 रन जोड़े थे। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 141 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था। मंधाना के बल्ले से 52 गेंदों में 54 रन निकले थे। शफाली ने 44 गेंदों में 64 रन बनाए थे। भारतीय टीम को 9 विकेट से जीत मिली थी।

#3

जेमिमा और हरमनप्रीत कौर (134 रन, 2018)

तीसरे स्थान पर जेमिमा और हरमनप्रीत कौर की जोड़ी है। दोनों ने साल 2018 में न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 134 रन जोड़ दिए थे। उस मुकाबले में भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। उसने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 194 रन बनाए थे। जेमिमा के बल्ले से 45 गेंदों में 59 रन निकले थे। हरमनप्रीत ने 51 गेंदों का सामना करते हुए 103 रन बना दिए थे। भारतीय टीम ने मुकाबला 34 रन से जीता था।

#4

तिरुश कामिनी  और पूनम राउत (130 रन, 2013) 

पूनम राउत और तिरुश कामिनी की जोड़ी चौथे स्थान पर है। दोनों ने साल 2013 में पहले विकेट के लिए बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 130 रन की साझेदारी निभाई थी। पूनम के बल्ले से 56 गेंदों में 75 रन निकले थे। कामिनी ने 57 गेंदों का सामना किया था और 56 रन बनाए थे। दोनों की पारियों के दम पर भारतीय टीम ने 143/3 का स्कोर खड़ा किया था। भारतीय टीम को 49 रन से जीत मिली थी।