
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में इन भारतीय बल्लेबाजों ने खेली है सबसे बड़ी पारी, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में भारतीय बल्लेबाजों ने कई यादगार पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया है। चाहे कठिन हालात हों या दबाव भरा मुकाबला, इन बल्लेबाजों ने शानदार संयम और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए बड़ी पारियां खेलीं। कुछ पारियां तो विरोधी टीमों के खिलाफ निर्णायक साबित हुईं। इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में शुभमन गिल ने अकेले 269 रन बना दिए। ऐसे में आइए WTC में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।
#1
शुभमन गिल (269 रन बनाम इंग्लैंड, 2025)
गिल इस सूची में पहले स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में 387 गेंदों का सामना किया और 269 रन बना दिए। उनके बल्ले से 30 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 69.50 की रही। WTC में उनसे बड़ी पारी सिर्फ हैरी ब्रूक (317 बनाम पाकिस्तान क्रिकेट टीम, 2024) और डेविड वार्नर (335* बनाम पाकिस्तान, 2019) ने खेली है।
#2
विराट कोहली (254* रन)
दूसरे स्थान पर पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली हैं। उन्होंने साल 2019 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ 254* रन की पारी खेली थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 601/5 का स्कोर बना दिया था। कोहली ने 336 गेंदों का सामना किया था और उनके बल्ले से 33 चौके और 2 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 75.59 की थी। भारतीय टीम को उस मुकाबले में पारी और 137 रन से जीत मिली थी।
#3
मयंक अग्रवाल (243 रन)
मयंक अग्रवाल इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2019 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ 243 रन की पारी खेली थी। इंदौर में खेले गए उस मुकाबले में बांग्लादेश की पहली पारी 150 रन पर समाप्त हो गई थी। जवाब में भारतीय टीम ने 493/6 का स्कोर बनाया। मयंक ने 330 गेंदों का सामना किया और उनके बल्ले से 28 चौके और 8 छक्के निकले थे। भारतीय टीम को पारी और 130 रन से जीत मिली थी।
#4
मयंक अग्रवाल (215 रन)
इस सूची में चौथे स्थान पर भी मयंक ही हैं। उन्होंने साल 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विशाखापट्टनम टेस्ट में 215 रन बना दिए थे। मैच की पहली पारी में उन्होंने 371 गेंदों का सामना किया था और उनके बल्ले से 23 चौके और 6 छक्के निकले थे। उनकी शानदार पारी के दम पर भारतीय टीम 502/7 का स्कोर बनाने में सफल रही थी। उस मुकाबले में भारतीय टीम को 203 रन से शानदार जीत मिली थी।