Page Loader
यूरोपियन गोल्डेन बूट 2019-20 जीतने के पांच सबसे प्रबल दावेदारों पर एक नजर

यूरोपियन गोल्डेन बूट 2019-20 जीतने के पांच सबसे प्रबल दावेदारों पर एक नजर

लेखन Neeraj Pandey
Jun 11, 2020
07:30 am

क्या है खबर?

प्रतिष्ठित यूरोपियन गोल्डेन शू अवार्ड को 2019-20 सीजन के लिए हासिल करने की रेस में कई दिग्गज खिलाड़ी लगे हैं। सभी यूरोपियन नेशनल लीग के टॉप डिवीजन में सबसे ज़्यादा गोल दागने वाले खिलाड़ी को यह अवार्ड दिया जाता है। इसके लिए सबसे उच्च रैंकिंग वाली लीग्स को ही संज्ञान में लिया जाता है। पिछले महीने बुंदशलीगा की वापसी और अन्य लीगों की जल्द वापसी की उम्मीद में एक नजर गोल्डेन बूट के टॉप-5 दावेदारों पर।

#1

सबसे प्रबल दावेदार हैं लेवॉन्डोव्स्की

रॉबर्ट लेवॉन्डोव्स्की का बायर्न म्यूनिख के लिए सीजन शानदार चल रहा है और वह इस साल अवार्ड जीतने के सबसे प्रबल दावेदार हैं। उन्होंने इस सीजन बुंदशलीगा में 30 गोल दागे हैं और यह यूरोप की टॉप लीग्स में किसी खिलाड़ी द्वारा दागे गए सबसे ज़्यादा गोल हैं। लेवॉन्डोव्स्की ने गोल (44) के मामले में अपना बेस्ट प्रदर्शन किया है। बीते शनिवार को उन्होंने बायर्न के लिए अपना 235वां गोल दागा।

#2

सातवीं बार गोल्डेन बूट जीतने की कोशिश करेंगे मेसी

ला-लीगा 2019-20 सीजन 11 जून से शुरु होने वाला है और लीग में अभी 11 मैचवीक बचे हुए हैं। बार्सिलोना के स्टार फारवर्ड लियोनल मेसी ने अब तक सबसे ज़्यादा छह बार गोल्डेन बूट हासिल किया है। गौरतलब है कि मेसी पिछले तीन सीजन से लगातार इस अवार्ड को जीतते आ रहे हैं। मेसी ने अब तक 22 मैचों में 19 गोल दागे हैं और वह लेवॉन्डोव्स्की को चैलेंज देने की क्षमता रखते हैं।

#3

27 गोल दाग चुके हैं इम्मोबाइल

लाजियो के लिए खेलने वाले फारवर्ड सिरो इम्मोबाइल ने सेरी-ए में इस सीजन बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इटैलियन स्ट्राइकर ने इस सीजन अब तक 27 गोल दागे हैं और काफी आगे चल रहे हैं। लाजियो फिलहाल अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है और 12 मैच खेले जाने बाकी हैं। इस सीजन इम्मोबाइल के पास यूरोप की घरेलू लीग्स में सबसे ज़्यादा गोल करने का मौका होगा।

#4

रोनाल्डो भी पांचवी बार अवार्ड जीतने के लिए लगाएंगे जोर

सीजन के दोबारा शुरु होने पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो सेरी-ए में पहले स्थान पर काबिज युवेंटस के लिए काफी अहम होंगे। युवेंट्स के पास लाजियो पर केवल एक अंक की बढ़त है और 12 मैच बचे होने की स्थिति में रोनाल्डो के पास पर्याप्त समय है। 2019-20 सेरी-ए सीजन में उन्होंने 21 गोल दागे हैं और वह पांचवीं बार खिताब हासिल करने के लिए पूरा जोर लगाएंगे।

जानकारी

प्रीमियर लीग में वार्डी ने दागे हैं सबसे ज़्यादा गोल

17 जून से प्रीमियर लीग की वापसी होने वाली है और लिस्टर सिटी के जैमी वार्डी ने सबसे ज़्यादा 19 गोल दागे हैं। नौ मैच बचे होने की स्थिति में वार्डी लगातार गोल दागकर पहला प्रीमियर लीग गोल्डेन बूट जीतना चाहेंगे।