ISL 2018-19: एक नजर इस सीजन के टॉप-5 विदेशी डिफेंडर्स की लिस्ट पर

इंडियन सुपर लीग (ISL) में विदेशी खिलाड़ियों का बोलबाला रहा है। पहले सीजन से लेकर इस सीजन तक कई विदेशी खिलाड़ियों ने भारतीय फैंस के दिलों में अपनी जगह बनाई है। कुछ खिलाड़ी ऐसे भी रहे हैं जो लगातार ISL में खेल रहे हैं और शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। हर टीम के पास लगभग कोई न कोई विदेशी डिफेंडर है जो शानदार खेल दिखा रहा है। एक नजर इस सीजन के टॉप-5 विदेशी डिफेंडर्स पर।
2016 से ही बेंगलुरु FC के साथ रहने वाले स्पैनिश खिलाड़ी हुआनन ने सीजन दर सीजन शानदार प्रदर्शन किया है। हुआनन को भेद पाना इतना आसान नहीं होता है क्योंकि वह गेम को काफी बेहतरीन तरीके से समझते हैं। इस सीजन 15 मुकाबले खेलने वाले हुआनन ने 793 टच किए हैं। लगभग 85 प्रतिशत सटीक पासिंग के साथ हुआनन ने 622 पास भी किए हैं। 31 वर्षीय डिफेंडर ने 113 क्लियरेंस और 14 टैकल भी किए हैं।
2013-14 में बेंगलुरु FC के लिए साइन करने के बाद से जॉनसन ने लगातार बेंगलुरु के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। हालांकि इस सीजन वह ATK चले आए हैं और इंग्लिश फुटबॉलर का प्रदर्शन यहां भी काफी बेहतरीन रहा है। जॉनसन ने 630 टच किए हैं और 79 प्रतिशत सटीक पासिंग के साथ 429 पास किए हैं। 30 वर्षीय डिफेंडर ने 118 क्लियरेंस भी किए हैं। 23 टैकल करने वाले जॉनसन एरियल गेंद जीतने और टैकल करने में माहिर हैं।
यदि टिरी को ISL इतिहास का सबसे दिग्गज डिफेंडर कहा जाए तो यह गलत नहीं होगा। दूसरे सीजन से ही टिरी ने लगातार ISL में हिस्सा लिया है। ATK के लिए ISL पदार्पण करने वाले टिरी पिछले दो सीजन से जमशेदपुर FC को अपनी सेवाएं दे रहे हैं। 27 वर्षीय डिफेंडर ने इस सीजन 35 टैकल किए हैं और 81 प्रतिशत सटीक पासिंग के साथ 682 पास किए हैं। गेम को समझने वाले टिरी ने 143 क्लियरेंस भी किए हैं।
रोमानिया के रहने वाले लुसियान गोईयान ने 2016 में मुंबई सिटी FC ज्वाइन किया था और लगातार तीन सीजन मुंबई के लिए खेलने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी हैं। 36 वर्षीय डिफेंडर ने पिछले सीजन टीम की कप्तानी भी की थी। इस सीजन लुसियान के शानदार प्रदर्शन का ही असर है कि मुंबई अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। 15 मैचों मेें 154 क्लियरेंस और 62 टैकल करके उन्होंने शानदार डिफेंडिंग का नजारा पेश किया है।
नॉ़र्थईस्ट यूनाइटेड ने इस सीजन ISL इतिहास का अपना सबसे शनादार शुरुआत किया है और टीम लगातार टॉप-4 में बनी हुई है। इसके पीछे मैटो ग्रगिक की शानदार डिफेंडिंग की अहम भूमिका है। क्रोएशियन डिफेंडर ने 15 मुकाबलों में 749 टच किए हैं। मैटो ने इसके अलावा लगभग 90 प्रतिशत सटीक पासिंग के साथ 567 पास किए हैं। 98 क्लियरेंस करने वाले 31 वर्षीय डिफेंडर ने 18 टैकल भी किए हैं।