LOADING...
IPL 2025 में ये 5 मुकाबले रहे सबसे ज्यादा रोमांचक, जानिए क्या कुछ हुआ 
PBKS ने कई रोमांचक मुकाबले खेले (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025 में ये 5 मुकाबले रहे सबसे ज्यादा रोमांचक, जानिए क्या कुछ हुआ 

Jun 05, 2025
07:39 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का संस्करण बेहद रोमांचक और यादगार रहा। इस दौरान कई ऐसे मुकाबले हुए, जिन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया और खेल के इतिहास में अपनी खास जगह बना ली। ये मुकाबले अंतिम तक संघर्षपूर्ण और उत्साह से भरपूर थे। इन मुकाबलों ने सभी को यह दिखाया कि क्रिकेट केवल खेल नहीं, बल्कि एक भावना और जूनून है। ऐसे में आइए इस संस्करण के 5 सबसे रोमांचक मुकाबलों पर एक नजर डाल लेते हैं।

#1

111 रन बनाकर भी जीत गई PBKS 

IPL 2025 के 31वें मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 16 रन से हरा दिया था। PBKS ने पहले खेलते हुए सभी विकेट खोकर 111 रन बनाए थे। जवाब में KKR 15.1 ओवर में 95 रन पर ही ढेर हो गई थी। यह IPL के इतिहास का सबसे कम स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव था। युजवेंद्र चहल ने उस मुकाबले में 4 ओवर में 28 रन खर्च किए थे और 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा था।

#2

RCB ने रोमांचक मैच में 2 रन से CSK को हराया 

52वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को 2 रन से हराया था। RCB ने पहले खेलते हुए 213/5 का स्कोर बनाया था। जवाब में CSK 211/5 का स्कोर बना पाई। CSK के लिए आयुष म्हात्रे (94) और रविंद्र जडेजा (77) भी जीत नहीं दिला पाए। आखिरी ओवर में महेंद्र सिंह धोनी, जडेजा और शिवम दुबे ने मिलकर प्रयास किया था, लेकिन यश दयाल ने आखिरी ओवर में RCB को कमाल की जीत दिला दी।

#3

DC को मिली LSG के खिलाफ 1 विकेट से जीत 

दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने IPL 2025 के चौथे मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 1 विकेट से हराया था। DC ने LSG के द्वारा दिया गया 210 रन का लक्ष्य आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर हासिल किया था। DC को जीत के लिए 6 रन चाहिए थे और 1 विकेट बाकी था। आशुतोष शर्मा ने शाहबाज अहमद की गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई थी। वह 66 रन बनाकर उस मुकाबले में नाबाद लौटे थे।

#4

सुपर ओवर का रोमांच 

IPL 2025 में DC ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एक और रोमांचक मुकाबला खेला जो सुपर ओवर तक गया। DC ने पहले खेलते हुए 188/5 का स्कोर बनाया। RR भी पूरे ओवर के बाद 188/4 का स्कोर ही बना सकी। इसके बाद सुपर ओवर में मिचेल स्टार्क के खिलाफ RR ने 11 रन बनाए। RR से संदीप शर्मा सुपर ओवर करने आए थे। उनके सामने केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स ने 4 गेंदों में ही लक्ष्य हासिल किया था।

#5

आखिरी ओवर में LSG को आवेश खान ने दिलाई जीत 

LSG और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेले गए IPL 2025 के 36वें मुकाबले में LSG ने पहले खेलते हुए 180/5 का स्कोर बनाया था। जवाब में RR की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 178/5 का स्कोर ही बना सकी थी। आखिरी ओवर में RR को जीत के लिए सिर्फ 9 रन चाहिए थे। कप्तान ऋषभ पंत ने आवेश खान को गेंद दी और उन्होंने ये रन बचाते हुए LSG को 2 रन से शानदार जीत दिला दी।