IPL खेल चुके ये दिग्गज खिलाड़ी बने हैं भारतीय टीम के कोच
क्या है खबर?
पूर्व बल्लेबाज गौतम गंभीर को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपना नया कोच नियुक्त किया है। वह अब राहुल द्रविड़ की जगह लेंगे।
गंभीर भारत की ओर से टी-20 विश्व कप 2007 और वनडे विश्व कप 2011 का खिताब जीत चुके हैं। वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में कप्तान और मेंटर के रूप में खासे सफल रहे हैं।
इस बीच उन खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं, जो IPL में खेलने के बाद भारत के कोच बने हैं।
#1
गौतम गंभीर
गंभीर IPL में दिल्ली कैपिटल्स (DC) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की ओर से खेल चुके हैं। उनकी कप्तानी में KKR ने 2 खिताब जीते हैं।
अपने IPL करियर में उन्होंने 154 मैचों में 31.24 की औसत और 123.88 की स्ट्राइक रेट से 4,217 रन बनाए थे।
भारत की ओर से उन्होंने 58 टेस्ट में 4,154 रन और 147 वनडे में 5,238 रन बनाए थे।
इनके अलावा 37 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में वह 932 रन बना चुके थे।
मेंटर
IPL में बतौर मेंटर काम कर चुके हैं गंभीर
गंभीर को कोचिंग का कुछ खास अनुभव तो नहीं है लेकिन वह मेंटर के रूप में IPL टीमों को अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
वह IPL 2024 में KKR के मेंटर थे, जिसमें उनकी टीम विजेता बनी थी। वह KKR से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के भी मेंटर रह चुके हैं।
दिलचस्प रूप से गंभीर की देखरेख में LSG की टीम IPL 2022 और 2023 के प्लेऑफ में पहुंचने में सफल रही थी।
#2
अनिल कुंबले
अनिल कुंबले IPL 2008 से 2010 तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की कप्तानी कर चुके थे। उनके नेतृत्व में RCB की टीम 2009 में उपविजेता रही थी।
उन्होंने IPL में कुल 42 मैचों में 45 विकेट लिए थे।
अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो कुंबले ने 132 टेस्ट में 29.65 की औसत से 619 विकेट और 271 वनडे में 30.89 की औसत से 337 विकेट अपने नाम किये थे।
उन्होंने 2010 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था।
कार्यकाल
कुंबले के कार्यकाल में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में हारा था भारत
24 जून, 2016 को भारत का कोच बनने के बाद कुंबले की अगुआई में टीम ने वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और बांग्लादेश को टेस्ट सीरीज में हराया और घर में 19 मैचों तक अजेय रहने का रिकॉर्ड बनाया था।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया को भी टेस्ट सीरीज़ हराया और इसके अलावा न्यूजीलैंड और इंग्लैंड को वनडे सीरीज में हराया था।
2017 में हुए चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल हारने के बाद कुंबले ने अपना पद छोड़ दिया था।
#3
राहुल द्रविड़
द्रविड़ IPL में राजस्थान रॉयल्स और RCB का प्रतिनिधित्व कर चुके थे। उन्होंने अपने IPL करियर में 89 मैचों में 115.52 की स्ट्राइक रेट से 2,174 रन बनाए थे।
पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने भारत की ओर से 164 टेस्ट खेले, जिसमें 52.31 की औसत के साथ 13,288 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 36 शतक और 63 अर्धशतक लगाए थे।
वह 344 वनडे में 10,889 रन भी अपने नाम कर चुके थे।
उपलब्धि
द्रविड़ के कार्यकाल में भारतीय टीम ने जीता टी-20 विश्व कप का खिताब
द्रविड़ ने भारतीय टीम के लिए 56 वनडे, 77 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कोचिंग की। इस दौरान 41 वनडे और 55 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में टीम को जीत मिली।
उनके कार्यकाल के दौरान 24 टेस्ट में से 14 मुकाबलों में भारत को जीत मिली थी और सिर्फ 7 मैच में टीम को हार का सामना करना पड़ा था।
टी-20 विश्व कप 2024 के अलावा द्रविड़ की कोचिंग में टीम ने एशिया कप भी अपने नाम किया था।
#4
संजय बांगर
संजय बांगर ने डेक्कन चार्जर्स और KKR के लिए IPL में खेला है। कुल 12 IPL मैच खेलने वाले बांगर ने 49 रन बनाने के साथ 4 विकेट लिए थे।
बांगर ने भारत की ओर से 12 टेस्ट में 470 रन बनाए थे, जिसमें 1 शतक भी शामिल था। उन्होंने 15 वनडे में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें 75.31 की स्ट्राइक रेट से 180 रन बनाए थे।
उन्होंने 2004 में अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था।
जानकारी
2 बार अंतरिम कोच रह चुके हैं बांगर
बांगर को 2016 में रवि शास्त्री के हटने के बाद अंतरिम कोच नियुक्त किया गया था। इसके बाद वह 2017 में कुंबले के बाद फिर से अंतरिम कोच बने थे। वह बल्लेबाजी कोच के तौर पर भारतीय टीम के साथ काम कर चुके हैं।