LOADING...
न्यूजीलैंड के इन गेंदबाजों ने टेस्ट रैंकिंग में हासिल किया है शीर्ष स्थान
मैट हेनरी बने टेस्ट में नंबर-1 गेंदबाज (तस्वीर: एक्स/@BLACKCAPS)

न्यूजीलैंड के इन गेंदबाजों ने टेस्ट रैंकिंग में हासिल किया है शीर्ष स्थान

Jun 24, 2026
04:20 pm

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने अहम उपलब्धि हासिल की है। दरअसल, वह इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) द्वारा जारी टेस्ट रैंकिंग में संयुक्त रूप से शीर्ष गेंदबाज बने। उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अविश्वनीय गेंदबाजी की। 36 साल के अंतराल के बाद कोई कीवी गेंदबाज नंबर-1 बना है। वह टेस्ट प्रारूप में शीर्ष रैंकिंग हासिल करने वाले सिर्फ तीसरे कीवी गेंदबाज बने। आइए इस सूची के बारे में जानते हैं।

#1 

जैक काउवी (1947)

न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जैक काउवी ने 1947 में शीर्ष स्थान हासिल किया था। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 1937 में अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। उन्होंने न्यूजीलैंड की ओर से सिर्फ 9 टेस्ट खेले थे, जिसमें 21.53 की औसत के साथ कुल 45 विकेट लिए थे। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 40 रन देकर 6 विकेट लेना रहा था। उन्होंने अपना ज्यादातर क्रिकेट इंग्लैंड के खिलाफ खेला था।

#2 

रिचर्ड हैडली (1984)

न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर रिचर्ड हेडली ने 1984 में पहली बार शीर्ष स्थान हासिल किया था। उन्होंने टेस्ट रैंकिंग में लम्बे समय तक अपना दबदबा बनाकर रखा था। वह 1990 में आखिरी बार शीर्ष पर काबिज हुए थे। हैडली टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 400 विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। उन्होंने 80 टेस्ट में यह रिकॉर्ड बनाया था जिसे बाद में मुथैय्या मुरलीधरन (72) और रविचंद्रन अश्विन (77) ने तोड़ा था।

Advertisement

#3 

मैट हेनरी (2026) 

हेनरी 1990 के बाद शीर्ष रैंकिंग हासिल करने वाले कीवी गेंदबाज बने हैं। उन्होंने भारत के दिग्गज जसप्रीत बुमराह की बराबरी की है। बता दें कि ICC की ताजा टेस्ट रैंकिंग में बुमराह और हेनरी के 870 रेटिंग अंक हैं। हेनरी ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे ओवल टेस्ट में कुल 11 विकेट (5/80 और 6/29) चटकाए थे। इस प्रदर्शन का फायदा उन्हें टेस्ट रैंकिंग में हुआ है। उन्होंने 6 पायदान की बड़ी छलांग लगाई है।

Advertisement