LOADING...
इन भारतीय खिलाड़ियों ने वनडे और टी-20 प्रारूप के सभी प्रमुख ICC खिताब जीते
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में कोहली ने निभाई अहम भूमिका (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

इन भारतीय खिलाड़ियों ने वनडे और टी-20 प्रारूप के सभी प्रमुख ICC खिताब जीते

Mar 11, 2025
04:38 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के खिताब को जीतकर इतिहास रच दिया था। रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम ने अजेय रहते हुए फाइनल अपने नाम किया था। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए खिताबी मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 4 विकेट से हराया था। इस बीच उन भारतीय खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने वनडे और टी-20 प्रारूप के सभी प्रमुख ICC टूर्नामेंट जीते हैं।

#1 

हरभजन सिंह 

पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह उन चंद भारतीय क्रिकेटरों में से एक हैं, जिन्होंने तीनों सफेद गेंद के ICC खिताब जीते हैं। वह भारत के साथ चैंपियंस ट्रॉफी 2002 जीतने वाले अभियान का हिस्सा थे। बता दें कि उस संस्करण में भारतीय टीम श्रीलंका के साथ संयुक्त विजेता रही थी। हरभजन ने टी-20 विश्व कप 2007 में भारत की खिताबी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थे। वह वनडे विश्व कप 2011 की विजेता टीम का भी हिस्सा थे।

#2 

युवराज सिंह 

युवराज सिंह भी इस विशेष सूची का हिस्सा हैं। वह भारत की ओर से चैंपियंस ट्रॉफी 2002, टी-20 विश्व कप 2007 और वनडे विश्व कप 2011 जीत चुके हैं। वनडे विश्व कप 2011 में युवराज को शानदार ऑल-राउंड प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया था। इससे पहले उन्होंने 2007 में खेले टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में 6 छक्के लगाकर इतिहास रच दिया था।

#3 

महेंद्र सिंह धोनी 

महेंद्र सिंह धोनी के लिए पहली ICC ट्रॉफी जीत 2007 में आई, जब उन्होंने टी-20 विश्व कप में एक युवा टीम की अगुआई की थी। इसके बाद उन्होंने 2011 में भारत को अपना दूसरा वनडे विश्व कप जिताया था। उन्होंने फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ 91 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। इनके अलावा 2013 में उनकी कप्तानी में ही भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। वह ये तीनों ICC ट्रॉफी जीतने वाले इकलौते कप्तान हैं।

#4 

विराट कोहली 

विराट कोहली ने भी तीनों ICC टूर्नामेंट जीते हैं। वह 2011 के वनडे विश्व कप टीम का हिस्सा थे और उन्होंने फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ 35 रन का योगदान दिया था। कोहली ने तब से 2013 और 2025 में 2 बार चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती हैं। वहीं, ये दिग्गज बल्लेबाज टी-20 विश्व कप 2024 की विजेता टीम के सदस्य भी रहे थे। उन्होंने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रन की पारी खेली थी।

जानकारी

रोहित ने जीते हैं 4 ICC खिताब 

कोहली के अलावा सिर्फ रोहित ऐसे भारतीय हैं, जिन्होंने 4 ICC टूर्नामेंट जीते हैं। वह 2-2 बार टी-20 विश्व कप (2007 और 2024) और चैंपियंस ट्रॉफी (2013 और 2025) जीत चुके हैं। हालांकि, वह वनडे विश्व कप की विजेता टीम के सदस्य नहीं रहे थे।