Page Loader
IPL इतिहास में इन कप्तानों ने जीते हैं लगातार सबसे ज्यादा मैच
गंभीर की कप्तानी में KKR ने जीते थे लगातार 10 मैच (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL इतिहास में इन कप्तानों ने जीते हैं लगातार सबसे ज्यादा मैच

Apr 06, 2025
03:31 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में कुछ कप्तानों ने अपनी-अपनी टीमों को एक से अधिक बार विजेता बनाया है। इस लीग इतिहास में सबसे सफल कप्तानों में महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा शुमार हैं। खिताबों के अलावा भी लीग के कुछ दिलचस्प रिकॉर्ड्स कप्तानी में देखने को मिले हैं। इस बीच IPL के अब तक के इतिहास में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले कप्तानों के बारे में जानते हैं।

#1 

गौतम गंभीर (10 जीत, 2014-15)

IPL 2014-15 में गौतम गंभीर की कप्तानी में KKR ने लगातार 10 मैच जीते थे, जो कि किसी एक सीजन में लगातार जीत का रिकॉर्ड है। गंभीर के नेतृत्व में KKR ने IPL 2014 के लगातार 9 मैच जीतते हुए खिताब जीता था। इसके बाद IPL 2015 के पहले मैच में भी KKR ने जीत हासिल की थी। गंभीर की कप्तानी में KKR ने 2012 का खिताब भी जीता था। उन्होंने अपने IPL करियर में 4,217 रन बनाए थे।

#2 

शेन वॉर्न (8 जीत, 2007)

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के एक साल बाद ही शेन वॉर्न को IPL के पहले सीजन में राजस्थान रॉयल्स का कप्तान बनाया गया था। मार्की खिलाड़ियों की कमी के बावजूद वॉर्न ने अपनी टीम को चैंपियन बनाया था। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अपनी कप्तानी का जलवा दिखाया था। उनकी कप्तानी में RR ने लगातार 8 मैचों में जीत दर्ज की थी। IPL करियर में उन्होंने 25.39 की औसत के साथ 57 विकेट हासिल किए थे।

#3 

श्रेयस अय्यर (8 जीत, 2024-25)

IPL 2025 में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स (PBKS) को अपने तीसरे मैच में पहली हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही अय्यर की कप्तानी में जीत का सिलसिला 8 मैचों के बाद थम गया। बता दें कि IPL 2024 में अय्यर के नेतृत्व में KKR ने लगातार 6 जीत दर्ज की थी, जिसमें फाइनल भी शामिल था। इसके बाद मौजूदा सीजन में उन्होंने PBKS के साथ शुरुआती 2 मैच जीते थे।

#4 

महेंद्र सिंह धोनी (7 जीत, 2013)

धोनी की कप्तानी में CSK ने 5 खिताब जीते थे। उनके नेतृत्व में CSK ने 2013 के सीजन में लगातार 7 जीत भी हासिल की थी। हालांकि, उस सीजन में CSK की टीम उपविजेता रही थी। फाइनल में उन्हें मुंबई इंडियंस (MI) के हाथों हार मिली थी। अपने बेमिसाल करियर में धोनी ने 226 मैचों में कप्तानी की, जिसमें से 133 में जीत हासिल की और 91 में हार का सामना करना पड़ा था।