LOADING...
सुरेश रैना के नाम दर्ज हैं IPL के ये बड़े रिकॉर्ड्स, आप भी जानिए 
CSK की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं सुरेश रैना (तस्वीर: एक्स/@IPL)

सुरेश रैना के नाम दर्ज हैं IPL के ये बड़े रिकॉर्ड्स, आप भी जानिए 

Apr 07, 2024
07:30 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना ने टी-20 क्रिकेट में 8,500 से अधिक रन बनाए हैं। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी अपने बल्ले की चमक दिखाई थी। उन्होंने अपना IPL करियर 136.76 की स्ट्राइक रेट से 5,528 रन बनाते हुए समाप्त किया था। इस बीच उन्होंने 1 शतक और 39 अर्धशतक लगाए थे। उन्होंने भारत की इस प्रतिष्ठित लीग में कुछ अहम रिकॉर्ड्स बनाए थे, उन पर एक नजर डालते हैं।

रन

CSK की ओर से सर्वाधिक रन 

रैना IPL इतिहास में CSK की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने CSK की ओर से 176 मैच खेले, जिसमें 32.32 की औसत और 136.88 की स्ट्राइक रेट से 4,687 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 1 शतक और 33 अर्धशतक लगाए थे। उनके बाद CSK की ओर से दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी हैं, जिन्होंने 224 मैचों में 137.88 की स्ट्राइक रेट से 4,546 रन बनाए हैं।

कारनामा

एक ओवर में 7 बाउंड्री

IPL 2014 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में CSK की ओर से खेलते हुए रैना ने पंजाब किंग्स (PBKS) के तेज गेंदबाज परविंदर अवाना के एक ओवर में 7 बॉउंड्री लगाने का कारनामा कर दिखाया था। रैना ने शुरुआती 2 गेंदों पर छक्के लगाए। इसके बाद उन्होंने 5 गेंदों पर चौके लगाए थे। बता दें कि अवाना ने उस ओवर की 5वीं गेंद नो बॉल की थी। उनके अलावा क्रिस गेल ऐसा कर चुके हैं।

प्लेऑफ

IPL प्लेऑफ में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं रैना 

रैना IPL के प्लेऑफ मैचों में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस लीग के 24 प्लेऑफ मैचों में हिस्सा लिया है, जिसमें 155 की स्ट्राइक रेट के साथ 714 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 7 अर्धशतक लगाए हैं। रैना के प्ले-ऑफ मैचों में निरंतर बेहतर बल्लेबाजी के चलते ही CSK ने सफलता हासिल की है। बता दें कि CSK ने 5 खिताब जीते हैं, जिसमें से 4 में रैना टीम के सदस्य रहे हैं।

पॉवरप्ले

पॉवरप्ले ओवर्स के दौरान सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 

रैना ने PBKS के खिलाफ उस मैच में 25 गेंदों पर 87 रन की पारी खेली थी, जिसमें 12 चौके और 6 छक्के शामिल थे। वह दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हुए थे। दिलचस्प रूप से ये रन रैना ने पॉवरप्ले ओवर्स के दौरान ही बना डाले थे। वह IPL इतिहास में शुरुआती 6 ओवरों के दौरान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके बाद इस सूची में एडम गिलक्रिस्ट (74 रन) हैं।