सफेद गेंद से होने वाली ICC प्रतियोगिताओं में इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सर्वाधिक रन
क्या है खबर?
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की शुरुआत 19 फरवरी को मेजबान पाकिस्तान क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच होने वाले मुकाबले से हो जाएगी।
इस बार यह टूर्नामेंट पाकिस्तान और दुबई में खेला जाना है।
दिलचस्प रूप से भारतीय टीम पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगी और अपने सभी मैच दुबई में ही खेलेगी।
इस बीच सफेद गेंद से होने वाली ICC प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
विराट कोहली (3,616 रन)
भारतीय दिग्गज विराट कोहली के नाम ICC प्रतियोगिताओं (वनडे और टी-20 प्रारूप में) में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है।
उन्होंने सफेद गेंद से हुई ICC प्रतियोगिताओं में 82 पारियों में 62 की औसत और 100 की स्ट्राइक रेट के साथ 3,616 रन बनाए हैं।
उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में अब तक 13 पारियों में 88.16 की औसत के साथ 529 रन बनाए हैं, जिसमें 5 अर्धशतक शामिल हैं।
#2
रोहित शर्मा (3,276 रन)
कोहली के अलावा सिर्फ रोहित शर्मा ही ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने ICC प्रतियोगिताओं (वनडे और टी-20 प्रारूप में) में 3,000 से अधिक रन बनाए हैं।
मौजूदा भारतीय कप्तान ने ICC प्रतियोगिताओं में 82 पारियों में 47 की औसत और 109 की स्ट्राइक रेट के साथ 3,276 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने सर्वाधिक 8 शतक लगाए हैं।
चैंपियंस ट्रॉफी में रोहित ने 10 पारियों में 53.44 की औसत से 481 रन बनाए हैं।
#3
क्रिस गेल (2,942 रन)
वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज क्रिस गेल का ICC टूर्नामेंट में खूब बल्ला चला है। पूर्व कैरेबियाई बल्लेबाज ने 82 पारियों में 39 की औसत और 102 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,942 रन बनाए हैं।
इस बीच गेल ने 7 शतक लगाए थे।
चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में गेल सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 17 पारियों में 52.73 की औसत से 791 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 3 शतक और 1 अर्धशतक लगाया था।
#4
कुमार संगाकारा (2,876 रन)
श्रीलंका के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगाकारा ने सीमित ओवर प्रारूप की ICC प्रतियोगिताओं में 86 पारियों में 2,876 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 6 शतक भी लगाए थे।
पूर्व श्रीलंकाई दिग्गज ने चैंपियंस ट्रॉफी में 21 पारियों में 37.94 की औसत और 71.36 की स्ट्राइक रेट के साथ 673 रन बनाए थे।
वह इस टूर्नामेंट में फिलहाल चौथे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं।