LOADING...
टी-20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज
सूर्यवंशी ने लगाया ऐतिहासिक शतक (तस्वीर: एक्स/@IPL)

टी-20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज

Apr 29, 2025
07:25 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में बीते सोमवार को राजस्थान रॉयल्स (RR) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 8 विकेट से हराया। सवाई मानसिंह स्टेडियम में हुए मैच में RR की जीत में वैभव सूर्यवंशी की अहम भूमिका रही। इस 14 वर्षीय बल्लेबाज ने मुकाबले में ऐतिहासिक शतक लगाया। वह IPL के इतिहास में शतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने। इस बीच टी-20 क्रिकेट के इतिहास में शतक लगाने वाले युवा बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।

#1 

वैभव सूर्यवंशी (14 साल और 32 दिन)

14 वर्षीय और 32 दिन की उम्र में सूर्यवंशी ने शतक लगाया। इस युवा बल्लेबाज ने सिर्फ 17 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। इसके बाद भी उन्होंने अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा और सिर्फ 35 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 38 गेंदों में 101 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस ऐतिहासिक पारी में 11 छक्के और 7 चौके लगाए।

जानकारी

एक पारी में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले भारतीय 

सूर्यवंशी ने जयपुर में 11 छक्के जड़कर तहलका मचा दिया। अब वह IPL के किसी मैच में संयुक्त रूप से सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले भारतीय बन गए हैं। उनके अलावा सिर्फ मुरली विजय ने 2010 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 11 छक्के लगाए थे।

#2 

विजय जोल (18 साल और 118 दिन)

सूर्यवंशी से पहले, विजय जोल के नाम पर यह रिकॉर्ड दर्ज था। अंडर-19 सर्किट में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए मशहूर, जोल ने 2013 के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में महाराष्ट्र के लिए खेलते हुए मुंबई के खिलाफ शतक बनाया था। 18 साल और 118 दिन की उम्र में, उन्होंने 63 गेंदों में 11 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 109 रन की पारी खेली थी। उनकी पारी की बदौलत महाराष्ट्र ने 17 रनों से जीत हासिल की थी।

#3 

परवेज इमोन (18 साल और 179 दिन)

बांग्लादेश के परवेज इमोन ने बंगबंधु टी-20 कप 2020 में मिनिस्टर राजशाही के खिलाफ फॉर्च्यून बारिशल के लिए तूफानी पारी खेली। उनकी पारी की मदद से राजशाही की टीम ने केवल 18.1 ओवर में 221 रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया। 18 साल और 179 दिन की उम्र में, इमोन ने 42 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए थे। उनकी शतकीय पारी में 9 चौके और 7 छक्के शामिल थे।