टी-20 क्रिकेट में इन बल्लेबाजों ने लगाए हैं 10 या उससे अधिक शतक
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक इस समय कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। CPL 2026 के 26वें मैच में बारबाडोस ट्राइडेंट्स की ओर से खेलते हुए सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ 106 रन की पारी खेली। यह उनके टी-20 क्रिकेट करियर का 10वां और CPL में दूसरा शतक साबित हुआ। इस बीच टी-20 क्रिकेट में 10 या उससे अधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
क्रिस गेल (22 शतक)
वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल ने टी-20 क्रिकेट में कुल 22 शतक लगाए थे।
उन्होंने वेस्टइंडीज की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2 शतक और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में 20 शतक लगाए थे।
अपने टी-20 करियर में गेल ने 463 मैचों की 455 पारियों में 36.22 की औसत से 14,562 रन बनाए थे।
वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 137.50 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,899 रन बनाए थे।
#2
बाबर आजम (13 शतक)
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के प्रमुख बल्लेबाज बाबर आजम 13 शतक के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं।
उन्होंने अपना पहला टी-20 मुकाबला साल 2012 में खेला था।
इस खिलाड़ी ने अब तक 359 मैच खेले हैं और इसकी 346 पारियों में 42.78 की औसत और 129.04 की स्ट्राइक रेट से 12,493 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 122 रन रहा है।
बाबर ने सबसे छोटे प्रारूप में 1,305 चौके और 239 छक्के भी लगाए हैं।
#3
विराट कोहली (10 शतक)
विराट कोहली ने 2007 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के जरिए अपने टी-20 क्रिकेट करियर का आगाज किया था।
2 दशक लम्बे टी-20 करियर में उन्होंने अब तक 430 मैचों में 42.44 की औसत से 14,218 रन बना लिए हैं।
इस बीच उन्होंने 10 शतक और 110 अर्धशतक अपने नाम किए हैं।
वह घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की टीम से खेलते थे। वह अब तक IPL में सिर्फ RCB की टीम से खेले हैं।
#4
डेविड वार्नर (10 शतक)
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने अपने टी-20 करियर में 10 शतक लगाए थे।
उन्होंने अपने टी-20 करियर में कुल 439 मैच खेले थे, जिसकी 438 पारियों में 37.29 की औसत और 140.61 की स्ट्राइक रेट से 14,284 रन बनाने में सफल रहे।
उन्होंने 10 शतक और 118 अर्धशतक भी जड़े थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 135 का रहा।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने एक शतक की बदौलत 3,277 रन बनाए थे।
#5
क्विंटन डिकॉक (10 शतक)
डिकॉक टी-20 क्रिकेट में फिलहाल 9वें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
उन्होंने अब तक 457 टी-20 मैचों में 31.30 की औसत और 139.78 की स्ट्राइक रेट के साथ 12,867 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 140* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 10 शतक और 84 अर्धशतक लगाए हैं।
वह CPL में 34 मैचों में 33 पारियों में 37.75 की औसत और 145.22 की स्ट्राइक रेट से 1,095 रन बनाए हैं।