
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में ये बल्लेबाज हुए हैं सर्वाधिक बार शून्य पर आउट
क्या है खबर?
टी-20 क्रिकेट को आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मुफीद माना जाता रहा है।
चौकों और छक्कों के लिए मशहूर रहे खेल के सबसे छोटे प्रारूप में गेंदबाजों के लिए अच्छा प्रदर्शन कर पाना चुनौतीपूर्ण रहता है।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कुछ बल्लेबाजों ने रनों के दिलचस्प रिकॉर्ड्स बनाए हैं, जबकि दूसरी तरफ कुछ अनचाहे रिकॉर्ड्स भी बने हैं।
इस बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाजों (पूर्ण सदस्य देशों में) के बारे में जानते हैं।
#1
सौम्य सरकार (13 बार)
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के सौम्य सरकार टी-20 अंतरराष्ट्रीय में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज हैं।
वह 85 मैचों में से 13 में बिना खाता खोले आउट हुए हैं। अपने करियर में उन्होंने 17.60 की औसत और 122.75 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,408 रन अपने नाम किए हैं।
इस बीच उन्होंने 5 अर्धशतक लगाए हैं। इस प्रारूप में 68 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है।
#2
पॉल स्टर्लिंग (13 बार)
आयरलैंड क्रिकेट टीम के पॉल स्टर्लिंग खेल के सबसे छोटे प्रारूप में 13 पारियों में शून्य पर आउट हुए हैं।
उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 145 मैचों में 27.07 की औसत और 134.61 की स्ट्राइक रेट के साथ 3,601 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 1 शतक और 23 अर्धशतक लगाए हैं।
वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में आयरलैंड की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
#3
केविन ओब्रायन (12 बार)
स्टर्लिंग के पूर्व साथी खिलाड़ी केविन ओब्रायन भी इस सूची में शामिल हैं। ये पूर्व आयरिश ऑलराउंडर टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 12 बार बिना खाता खोले आउट हुए हैं।
उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 110 मैच खेले थे, जिसमें 21.21 की औसत और 130.92 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,973 रन बनाए थे।
उन्होंने इस प्रारूप में 124 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए थे।
#4
रोहित शर्मा (12 बार)
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं। इस प्रारूप को अलविदा कह चुके रोहित 12 बार शून्य पर आउट हुए हैं।
उन्होंने अपने बेमिसाल करियर में 159 मैच खेले, जिसमें 32.05 की औसत और 140.89 की उम्दा स्ट्राइक रेट के साथ 4,231 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 5 शतक और 32 अर्धशतक लगाए।
नाबाद 121 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है।
जानकारी
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन वाले भारतीय हैं रोहित
रोहित ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में किया। उनके अलावा सिर्फ विराट कोहली और बाबर आजम ही अब तक 4,000 से अधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बना पाए हैं।