वनडे क्रिकेट में ये बल्लेबाज शतक लगाने के बाद हिट विकेट हुए
क्या है खबर?
क्रिकेट के हर प्रारूप में शतक लगाना बल्लेबाज के लिए उपलब्धि माना जाता है। जब कोई बल्लेबाज शतक लगाता है तो वह अपनी पारी से मैच में अंतर पैदा करने का प्रयास करता है। वनडे क्रिकेट के इतिहास में अब तक कुछ ऐसे दुर्लभ मौके भी आए हैं, जब बल्लेबाज शतक लगाने के बाद दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से हिट विकेट आउट हुए हैं। आइए वनडे में इन मौकों के बारे में जानते हैं।
#1
विराट कोहली (2011)
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज विराट कोहली ने 2011 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ कार्डिफ वनडे में शतक लगाया था।
उन्होंने 93 गेंदों में 9 चौकों और एक छक्के की मदद से 103 रन की पारी खेली थी। वह ग्रीम स्वान की गेंद पर हिट विकेट हुए थे।
उस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 304/6 का स्कोर बनाया था।
इसके बाद डक वर्थ लुईस नियम की बदौलत इंग्लैंड ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी।
#2
फाफ डु प्लेसिस (2014)
फाफ डु प्लेसिस ने 2014 में त्रिकोणीय सीरीज में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ हरारे वनडे में शतक लगाया था।
उन्होंने जीत के लिए मिले 283 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 109 गेंदों में 126 रन बनाए थे।
हिट विकेट होने से पहले उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 6 छक्के भी लगाए थे।
उनके शतक के बावजूद दक्षिण अफ्रीका की टीम को उस मैच में 62 रन से करारी शिकस्त मिली थी।
#3
जॉनी बेयरस्टो (2018)
इंग्लैंड ने 2018 में क्राइस्टचर्च वनडे में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया था।
उस मैच में इंग्लिश टीम ने जीत के लिए मिले 224 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल किया था।
मेहमान टीम से जॉनी बेयरस्टो ने 60 गेंदों में 9 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 104 रन बनाए थे। वह ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर हिट विकेट हुए थे।
इंग्लैंड ने 33वें ओवर में जीत दर्ज की थी।
#4
इमाम उल हक (2019)
पाकिस्तान के इमाम उल हक ने वनडे विश्व कप 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ शतक लगाया था।
लॉर्ड्स के मैदान पर पारी की शुरुआत करते हुए उन्होंने 100 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 100 रन बनाए थे। वह मुस्तफिजुर रहमान के ओवर में हिट विकेट हुए थे।
उनके शतक की मदद से पाकिस्तान ने 315/9 का स्कोर बनाया था।
जवाब में शाहीन अफरीदी की घातक गेंदबाजी के सामने बांग्लादेशी पारी 221 रन पर ढेर हुई थी।