
टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड से इन बल्लेबाजों ने खेली हैं सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2024 के 42वें मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को हरा दिया। यह सुपर-8 चरण पर इंग्लिश टीम का पहला मैच था, जिसमें उन्होंने 8 विकेट से जीत हासिल की।
इसमें जीत के नायक फिल सॉल्ट रहे, जिन्होंने नाबाद 87 रन बनाए।
वह टी-20 विश्व कप के इतिहास में इंग्लैंड की ओर से सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर वाले बल्लेबाजों में शुमार हो गए।
इस बीच इंग्लैंड से सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर पर एक नजर डालते हैं।
#1
एलेक्स हेल्स (116* बनाम श्रीलंका, 2014)
इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स ने चटगांव में 2014 के टी-20 विश्व कप में श्रीलंका को धूल चटा दी थी।
महेला जयवर्धने के 89 रनों की बदौलत श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 189/4 रन बनाए।
जवाब में इंग्लैंड ने 19.2 ओवर में लक्ष्य हासिल किया था। उस मैच में हेल्स ने 11 चौके और 6 छक्के की मदद से नाबाद 116 रन बनाए थे।
उन्होंने इयोन मोर्गन के साथ 152 रनों की साझेदारी की थी।
#2
जोस बटलर (101* बनाम श्रीलंका, 2021)
इंग्लैंड ने 2021 के संस्करण में श्रीलंका को 26 रन से हराया था।
इस मुकाबले में जोस बटलर ने 67 गेंदों पर नाबाद 101 रन बनाए थे। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और इतने ही छक्के भी लगाए थे।
उनकी पारी की बदौलत इंग्लिश टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 163/4 का स्कोर बनाया था। जवाब में श्रीलंकाई टीम 137 रन पर ही ढेर हो गई थी।
#3
ल्यूक राइट (99* बनाम अफगानिस्तान, 2012)
टी-20 विश्व कप के 2012 संस्करण में ल्यूक राइट ने अफगानिस्तान के खिलाफ़ नाबाद 99 रनों की शानदार पारी खेली थी। वह 55 गेंदों का सामना करते हुए शतक से चूक गए। उन्होंने 8 चौके और 6 छक्के लगाए थे।
इंग्लैंड ने कोलंबो में खेले गए मैच में 20 ओवर में 196/5 रन बनाए थे। अफगानिस्तान की टीम 80 रन पर ढेर हो गई थी।
गेंदबाजी में स्टुअर्ट ब्रॉड (2/10) और समित पटेल (2/6) ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था।
#4
फिल सॉल्ट (87* बनाम वेस्टइंडीज, 2024)
मौजूदा संस्करण में सॉल्ट ने वेस्टइंडीज के विरुद्ध जीत के लिए मिले 181 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जोरदार पारी खेली।
सॉल्ट ने 47 गेंदों पर नाबाद 87 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के लगाए।
उन्होंने पहले कप्तान बटलर के साथ 46 गेंदों में 67 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद जॉनी बेयरस्टो के साथ मिलकर सिर्फ 44 गेंद में 97* रन जोड़ दिए।